तांत्रिक ने नाबालिग सहित दो बहनों से किया दुष्कर्म, तीन गिरफ्तार

नवसारी। दक्षिण गुजरात के नवसारी जिले में एक तांत्रिक और दो अन्य लोगों को दो बहनों के साथ दुष्कर्म करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक लड़की नाबालिग है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की पिता की शिकायत पर पुलिस ने विष्णु नाइक और उसके दो सहयोगियों को तीन नवंबर को गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने बताया कि लड़कियों के पिता कुछ माह पहले कुछ व्यक्तिगत समस्याओं के हल के लिए महाराष्ट्र के नंदूरबार जिले में रहने वाले एक व्यक्ति के संपर्क में आए थे।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने पिता को अपनी दोनों बेटियों की झाड़-फूंक कराने की सलाह दी और उन्हें लेकर आने के लिए कहा और इसके लिए उसने 50 हजार रुपए लिए।

अधिकारी ने बताया कि पिता ने अपनी बेटियों को तांत्रिक के पास छोड़ दिया और इसके बाद तांत्रिक ने लड़कियों के साथ कई बार दुष्कर्म किया। घटना के दो माह बाद घरवालों को पता चला कि दोनों लड़किया गर्भवती हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने नंदूरबार में तांत्रिक के घर पर छापा मारा और उसे तथा उसके दोनों सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

First Published on: November 7, 2020 4:22 PM
Exit mobile version