दुमका में महिला व छात्र समेत तीन लोगों ने की आत्महत्या

दुमका। दुमका के दासपाड़ा में पिछले चौबीस घंटों में जहां एक बीए के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली वहीं शिकारीपाड़ा में एक रेलकर्मी और मसलिया में 27 वर्षीया महिला ने आत्महत्या कर ली। तीनों ही मामलों में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच में जुटी है।

पुलिस ने बताया कि शहर के रसिकपुर (दासपाड़ा) मोहल्ले में विवेक कुमार नामक एक युवक का शव फांसी से लटका मिला। वह बीए का छात्र था और दुमका में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह मूल रूप से शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र का रहनेवाला था। नगर थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है परंतु मृतक के पिता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

इस बीच दुमका के ही शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र स्थित बरमसिया गांव में बादल चंद्र महतो नामक 32 वर्षीय एक रेलवेकर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से बोकारो के चंदनकियारी का रहनेवाला था। वह बरमसिया में पदस्थ था जहां वह एक मकान में अकेला रहता था।

वहीं दूसरी ओर दुमका के मसलिया थाना क्षेत्र के बड़ा डुमरिया पंचायत अंतर्गत गड़ापाथर गांव में मंगलवार को 27 वर्षीय महिला ने आत्महत्या कर ली। महिला की पहचान चन्द्रमुनी सोरेन के रूप में की गयी है। जब महिला का पति रामेश्वर मुर्मू घर से बाहर गया हुआ था उसी बीच पत्नी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला की पांच साल की बेटी और डेढ़ साल का बेटा है।

First Published on: January 13, 2021 11:47 AM
Exit mobile version