यूपी : देवरिया में किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या, रेलवे ट्रैक पर मिला शव

naagrik news naagrik news
क्राइम Updated On :

देवरिया। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर से सटे देवरिया जिले में गौरीबाजार में एक किशोरी का अर्धनग्न शव रेलवे ट्रैक पर पाए जाने से सनसनी फ़ैल गई। बताया जाता है कि गौरीबाजार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी शौच करने गई थी। काफी देर तक वो नहीं आई तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में किशोरी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। परिजनों ने आशंका जताई है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म कर बाद में उसकी हत्या कर दी गई।

समुदाय विशेष की एक किशोरी रात को शौच करने के लिए घर से निकली, लेकिन लौट कर घर नहीं आई। पूरी रात उसकी तलाश होती रही, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। रविवार को लोगों ने किशोरी का शव रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ी में देखा तो गांव में जंगल में आग की तरह यह बात फैल गई।

घटना की सूचना पर दोपहर को सर्विलांस की टीम भी पहुंची और जांच की। एसपी के निर्देश पर इलेक्ट्रानिक सर्विलांस का सहारा पुलिस ले रही है। कुछ संदिग्ध नंबर भी पुलिस को मिले हैं।

किशोरी के कपड़े खुले हाेने के चलते दुष्कर्म होने की संभावना जताई जा रही है। किशोरी के सिर पर लोहे के राड या अन्य किसी धारदार हथियार से हमला किया गया है। जिससे किशोरी की मौत हुई है। प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश तिवारी का कहना है कि जांच चल रही है। दुष्कर्म की भी स्थिति दिख रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।