नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार को युवक का खून से लथपथ शव एक गन्ने के खेत में पड़ा मिला। मृतक के घरवालों ने गांव के ही कुछ लोगों पर उसका अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया है। युवक पिछले चार दिन से गायब था। मृतक की पहचान विक्रांत राणा उर्फ़ विक्की के रूप में की गई है।
फतेहपुर पुट्ठी के जंगल में एक गन्ने के खेत में शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बागपत भिजवाया। धनौरा सिल्वरनगर निवासी विक्रांत राणा उर्फ विक्की पुत्र विनोद राणा 8 नवंबर से घर से लापता था। जिसके बारे में परिजनों ने बुधवार की देर शाम थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
परिजनों ने गांव के ही दो युवकों पर अपहरण व हत्या की आशंका भी जताई थी। बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि फतेहपुर पुट्ठी गांव के जंगल मे देशपाल पुत्र हरफूल के खेत मे गोली लगा एक शव पड़ा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त धनौरा के विक्रांत के रूप में उसके स्वजन को मौके पर बुलाकर की।
मृतक के शरीर पर कई गोली लगने के निशान हैं। CO बागपत ओमपाल सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के एक साथी को हिरासत में भी लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।