उन्नाव में दुष्कर्म की शिकार नाबालिग लड़की ने दिया बच्चे को जन्म

उन्नाव। यूपी के उन्नाव जिले में दुष्कर्म की शिकार हुई एक नाबालिग लड़की ने बच्चे को जन्म दिया है। अब इस पूरे मामले में किशोरी के स्वजनों की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में एक किशोर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गत बृहस्पतिवार को 15 साल की एक लड़की ने जिला अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया था। परिजन ने आरोप लगाया कि दुष्कर्म के बाद लड़की गर्भवती हो गयी थी। परिजन ने 16 वर्षीय एक लड़के के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो के तहत केस दर्ज कराया।

पुलिस ने लड़के के परिजन की सहमति मिलने पर उसका डीएनए परीक्षण कराने का फैसला किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी लड़के को शुक्रवार को पकड़ कर किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया था जहां से उसे संरक्षण गृह भेज दिया गया। आधार कार्ड पर दी गई जन्म तिथि तथा अन्य दस्तावेजों से यह पता चलता है कि लड़के की उम्र 16 साल है।

यह मुकदमा लड़की के नाना की तरफ से दर्ज कराया गया है जिसमें आरोप लगाया गया है कि पड़ोस में रहने वाले लड़के ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया जब वह घर में अकेली थी। लड़की के नाना का कहना है कि इस मामले में लोक लाज और समाज के दबाव की वजह से पहले मामला दर्ज नहीं कराया गया था।

First Published on: February 1, 2021 1:32 PM
Exit mobile version