हत्या के मामले में वांछित ने की आत्महत्या, पत्नी को भी मारी गोली

मृतक युवक पर संभल में पिछले महीने हुए एक व्यापारी की हत्या का आरोप था। गोली लगने से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

संभल। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सम्भल जिले में एक युवक ने पहले अपनी पत्नी को गोली मरी और बाद में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक युवक पर संभल में पिछले महीने हुए एक व्यापारी की हत्या का आरोप था। गोली लगने से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस सम्बन्ध में चंदौसी सीओ अशोक कुमार ने बताया कि पिछले महीने 30 जुलाई को खाद व्यवसाई राम अवतार दीक्षित की हत्या कर दी गयी थी। इसी हत्या के मामले में मृतक 30 वर्षीय भूप सिंह पर आरोप था। भूप सिंह ने सुबह कुढ़ फतह गढ़ थाना क्षेत्र के बाबे पुर गांव में अपनी ससुराल में पहले अपनी पत्नी गीता (24) को गोली मारी, फिर खुद को भी गोली मार ली।

पुलिस के अनुसार, गोली लगने से भूप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी गीता गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने भूप सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, चंदौसी क्षेत्र में 30 जुलाई को खाद व्यापारी राम अवतार दीक्षित की लूट के बाद हत्या की गई थी। इसमें पुलिस ने गत दो अगस्त को मुठभेड़ में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि मामले में तीन आरोपी भूप सिंह, जितेंद्र यादव और नीरज यादव की तलाश की जा रही थी।

First Published on: August 8, 2020 12:45 PM
Exit mobile version