पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर के जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव भलवा में 5 फरवरी को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। शादी से महज तीन दिन पहले एक युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी युवक ने भी खुदकुशी कर ली। इस सनसनीखेज घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है, वहीं जिस घर में शहनाइयां बजनी थीं वहां अब मातम पसरा हुआ है।
गांव भलवा निवासी विजयपाल की 27 वर्षीय पुत्री प्रगति की शादी आगामी 8 फरवरी को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू हो चुका था और विवाह की रस्में निभाई जा रही थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक रोहित पुत्र धारा अचानक प्रगति के घर में दाखिल हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोहित ने घर में घुसते ही धारदार हथियार से प्रगति पर हमला कर दिया और बेरहमी से उसका गला रेत दिया। अचानक हुए इस हमले से परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही प्रगति लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी रोहित ने उसी धारदार हथियार से अपने गले पर वार कर लिया, जिससे उसकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर जानसठ पुलिस के साथ ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, एसपी देहात आदित्य बंसल, डीएसपी रूपाली राव और थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र कराए गए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग और प्रतिशोध से जुड़ा बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, प्रगति और रोहित के बीच पिछले दो से तीन वर्षों से प्रेम संबंध की चर्चा थी। दोनों गुरुग्राम में एक साथ नौकरी करते थे। बताया जा रहा है कि प्रगति की शादी कहीं और तय हो जाने से रोहित मानसिक तनाव में था और इसी कारण उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी ने पूरी योजना के साथ घटना को अंजाम दिया, ताकि शादी को रोका जा सके। दोनों मृतक एक ही समुदाय से ताल्लुक रखते थे और उनके घर आमने-सामने स्थित हैं, जिससे गांव में घटना को लेकर और भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत होता है। फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है और परिजनों तथा ग्रामीणों से पूछताछ जारी है। जिस घर से कुछ दिन बाद बेटी की डोली उठनी थी, वहां अब अर्थी उठने की तैयारी है। इस दोहरी मौत की घटना ने न सिर्फ दोनों परिवारों को बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
