बलिया में दहेज़ के लिए महिला को जलाकर मार डाला, पति सहित 6 लोगों पर केस दर्ज


बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली अंतर्गत अठिलापुर गांव में एक महिला की दहेज़ के लिए ससुरालवालों ने पहले पीटा फिर जलाकर मार डाला। दहेज़ के लिए महिला की हत्या के आरोप में पुलिस ने पति सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के प्रभारी सौरव राय ने बताया कि अठिलापुर गांव में 28 जनवरी की रात रंजना सिंह (25) के साथ उसकी ससुराल में मार पीट की गई और उसके बाद उसे जला दिया गया। रंजना की शुक्रवार को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। गड़वार निवासी परमात्मा सिंह ने अपनी पुत्री रंजना का विवाह 25 फरवरी 2020 को अठिलापुर के अमलेश सिंह के साथ किया था।

राय ने महिला के पिता की शिकायत के हवाले से बताया कि शादी के बाद से ही रंजना को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। परमात्मा सिंह की शिकायत पर पति अमलेश सिंह , दो जेठ, दो जेठानियों और सास के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।



Related