महिला ने एक साल के बेटे की हत्या कर की खुदकुशी

बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिला के कोतवाली दातागंज क्षेत्र में एक महिला ने पारिवारिक कलह के चलते अपने एक साल के पुत्र की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इसकी खबर होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फ़िलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।

पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि दातागंज कस्बे के सब स्टेशन के निकट रहने वाले सरताज (25) का निकाह दो साल पहले ही फातिमा (22) के साथ हुआ था। उनका एक साल का एक बच्चा भी था। उन्होंने बताया कि फातिमा के पिता अबरार और भाई नफीस ने पुलिस को बताया कि दहेज की मांग को लेकर सरताज और उसके परिजन अक्सर उनकी बेटी के साथ मारपीट करते थे और रविवार दोपहर भी सरताज ने उसके साथ मारपीट की और दहेज में कार लेकर आने को कहा ।

उन्होंने बताया कि ससुराल वालों के उत्पीड़न से तंग होकर फातिमा ने रविवार रात आत्मघाती कदम उठाया। पहले उसने अपने मासूम बेटे को फंदा लगा कर लटका दिया फिर कुंडे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि परिवार वालों को जब इसकी जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। मोहल्ले की काफी लोग एकत्रित हो गए।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सरताज को हिरासत में ले लिया गया है। जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त ने बताया कि तहसील दातागंज में एक महिला ने अपने 14 माह के बच्चे की हत्या के बाद आत्महत्या कर ली है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।

First Published on: August 24, 2020 2:42 PM
Exit mobile version