महोबा में फसल काटकर लौट रही महिला से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में कबरई थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत से लौट रही एक महिला के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

कबरई थाने के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि 42 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म की घटना मंगलवार देर शाम की है और पीड़िता ने घटना की प्राथमिकी बुधवार को दर्ज करायी। घटना के समय महिला खेत से फसल की कटाई कर अपने घर वापस लौट रही थी।

इसी दौरान बांदा जिले के मटौंध के रहने वाले बृजकिशोर (45) ने घर छोड़ने के बहाने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया और सुनसान जगह पर ले जाकर महिला के साथ दुष्कर्म किया।

सिंह ने बताया कि जब काफी देर तक महिला अपने घर नहीं पहुंची तो उसके परिजनों ने खेत में जाकर खोजबीन की और मौके से आरोपी को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।

सिंह ने बताया कि आरोपी और पीड़िता के गांव अगल-बगल हैं, इसलिए दोनों एक दूसरे से परिचित थे। पीड़िता के पति की आठ साल पहले मौत हो चुकी है और वह अपनी दो बेटियों व एक बेटे के साथ अन्य परिजनों से अलग रह रही है।

एसएचओ ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा। पीड़िता की चिकित्सीय जांच करवाई गई है।

First Published on: April 1, 2021 12:07 PM
Exit mobile version