दो बार लूटी महिला की अस्मत, गैंग रेप का केस दर्ज कराने थाने गई तो दारोगा ने किया दुष्कर्म

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक महिला की दो बार अस्मत लूट ली गई। कुछ लोगों ने महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया। जब वो इंसाफ के लिए पुलिस थाने गई तो महिला से एक दारोगा ने दुष्कर्म किया। अब इस पूरे मामले में अपर पुलिस महानिदेशक के आदेश पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपाल सिंह ने बताया कि जलालाबाद क्षेत्र की रहने वाली 35 वर्षीय एक महिला ने आरोप लगाया है, ‘‘गत 30 नवंबर को वह मदनपुर जा रही थी। रास्ते में ई-रिक्शा खराब हो गया, जिसके बाद वह पैदल जाने लगी। तभी कार से आए पांच लोगों ने उसे पकड़ लिया और खेत में ले जाकर उससे सामूहिक बलात्कार किया।’’

उन्होंने बताया कि महिला का दावा है कि जब वह अपने साथ हुई वारदात की शिकायत के लिए जलालाबाद थाने गई तो वहां मौजूद दारोगा विनोद कुमार ने उसे अपने कमरे में ले जाकर उससे कथित तौर पर बलात्कार किया।

सिंह ने बताया कि महिला ने बरेली क्षेत्र के अपर पुलिस महानिदेशक अविनाश चंद्र से शिकायत की थी। उनके आदेश पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि वह खुद इस मामले की जांच कर रहे हैं और आरोप सही हुए तो मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

First Published on: December 24, 2020 6:05 PM
Exit mobile version