अमेठी/मेरठ। यूपी में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। राज्य के अमेठी जिले के संग्रामपुर क्षेत्र में जहां एक पूर्व ग्राम प्रधान के बेटे की गोली मार कर हत्या कर दी गई, वहीं मेरठ में देवर ने अपनी विधवा भाभी से दुष्कर्म का प्रयास किया। भाभी के विरोध करने पर देवर ने उसकी गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। इन दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है।
पहला मामला प्रदेश के अमेठी जिले का है। अपर पुलिस अधीक्षक दया राम सरोज ने बताया कि पूरे भुलाई का पुरवा गांव के निवासी पूर्व प्रधान अवध नरेश सिंह के बेटे बृजेश सिंह (40) का शव बृहस्पतिवार सुबह पड़ोसी फतऊ का पुरवा गांव में नहर के पास मिला। उसके सिर में और सीने पर गोली मारी गई है।
एएसपी ने बताया कि बृजेश के भाई कमलेश सिंह ने अपने ही गांव के इंद्र प्रकाश सिंह पर जमीन के विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
उधर, मेरठ के कलंजरी गांव में एक युवक ने दुष्कर्म का विरोध करने पर अपनी भाभी की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी देवर मानिक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। कलंजरी गांव के राजू शर्मा हरियाणा में एक होटल में काम करते हैं और घटना के समय उनकी पत्नी कुमुद घर पर अकेली थी। राजू का बेटा आशू और बेटी शैली कॉलेज गए थे।
पुलिस के अनुसार, राजू के छोटे भाई दीपक जब वह खेत से घर लौटा, तो कुमुद का शव लहूलुहान शव बरामदे में पड़ा था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जांच के दौरान मृतका के देवर मानिक शर्मा की भूमिका संदिग्ध पाई गई।
पुलिस ने जब उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने दुष्कर्म का विरोध करने पर अपनी भाभी की हत्या करने की बात स्वीकार की। इलाके के सीओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।