ट्रेड डील के बाद सोने की कीमतों में आई गिरावट

भारत में सोने की कीमतों में शनिवार को कोई बदलाव नहीं हुआ। 18 मई, रविवार को भी कीमतें अपरिवर्तित रहने की संभावना है। बीते 12-16 मई के बीच 24 कैरेट 100 ग्राम सोने की कीमत में 35,500 रुपये और 10 ग्राम सोने की कीमत में 3,500 रुपये की गिरावट आई है। अगले ट्रेडिंग सेशन में सोने और चांदी का कारोबार क्रमश: 88000-95000 और 91000-98000 के रेंज के पार जा सकता है।

गुडरिटर्नस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले हफ्ते सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई। सोने की कीमत में 3.5 परसेंट से अधिक की गिरावट आई है, जबकि चांदी में 1 परसेंट तक की गिरावट दर्ज की गई है। सोने और चांदी की कीमतों में यह कमी वैश्विक व्यापार के तनाव में आई कमी और निवेशकों की बेहतर धारणा के चलते आई है, जिससे सुरक्षित संपत्तियों में निवेश की मात्रा कम हुई है।

जानकारों का मानना है कि अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वॉर पर लगे 90 दिनों के ब्रेक के चलते सोने की कीमतों में कमी आई है। दोनों देशों के बीच हुई इस डील में अमेरिका चीनी वस्तुओं पर टैरिफ को 145 परसेंट से घटाकर 30 परसेंट कर दिया है। जबकि चीन अमेरिकी आयात पर टैरिफ को 125 परसेंट से घटाकर 10 परसेंट कर दिया है। यह कदम ट्रेड वॉर को कम करने की दोनों देशों की आपसी सहमति को दर्शाता है। इससे पहले, भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर पर सहमति बनने से भी सोने का भाव गिरा है। हालांकि, रूस-यूक्रेन के बीच शांति वार्ता अब भी सवालों के घेरे में है।

First Published on: May 18, 2025 9:42 AM
Exit mobile version