बंगाल चुनाव: रूझानों में तीसरी बार ममता सरकार, भाजपा को काफी पीछे छोड़ी TMC

पश्चिम बंगाल के परिणामों पर लोगों की नजर है क्योंकि यहां भाजपा ने अपनी पूरी ताकत लगा दी थी। खुद पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से लगायत बीजेपी के कई बड़े और फायर ब्रांड नेता यहां लगे हुए थे।

नई दिल्ली। देश के पांच राज्यों पश्चिम बंगाल, केरल, असम, तमिलनाडु और पुड्डुचेरी में हाल ही में हुए विधान सभा चुनाव की आज मतगणना हो रही है। इन सभी में सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल के परिणामों पर लोगों की नजर है क्योंकि यहां भाजपा ने अपनी पूरी ताकत लगा दी थी। खुद पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से लगायत बीजेपी के कई बड़े और फायर ब्रांड नेता यहां लगे हुए थे।

पश्चिम बंगाल में जारी मतगणना में सुबह साढ़े 10 बजे तक 156 सीटों पर उपलब्ध रुझानों में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस उसको चुनौती दे रही भाजपा से आगे चल रही है और उसे 101 सीटों पर बढ़त हासिल है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, भाजपा केवल 53 सीटों पर आगे चल रही है। रूझानों में माना जा रहा है इस बार भी पश्चिम बंगाल में ममता सरकार बनेगी। अगर ऐसा होता है तीसरी बार तृणमूल की सरकार होगी।

मतगणना के शुरुआती चरणों में दोनों पार्टियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही थी। हालांकि, मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी नंदीग्राम सीट पर अपने भाजपा प्रतिद्वंद्वी एवं मौजूदा विधायक शुभेंदु अधिकारी से पीछे चल रही हैं। पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटें हैं लेकिन प्रत्याशियों की मौत की वजह से शमशेरगंज और जांगीपुर सीट पर चुनाव नहीं हुए।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को जारी मतगणना में दो चरणों की गिनती के बाद राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने प्रतिद्ंवद्वी शुभेंदु अधिकारी से नंदीग्राम सीट पर 3,460 मतों से पीछे चल रही हैं। विधान सभा की 292 सीटों में से 120 सीट पर उपलब्ध रुझानों के मुताबिक तृणमूल कांग्रेस 75 सीटों पर आगे चल रही है, भाजपा 43 पर और निर्दलीय प्रत्याशी दो सीटों पर आगे चल रहे हैं।

सिंगूर सीट पर, तृणमूल कांग्रेस के मंत्री एवं प्रत्याशी बेचाराम मन्ना पहले चरण की गिनती के बाद अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के रबिंद्रनाथ भट्टाचार्य से आगे चल रहे हैं। भवानीपुर से टीएमसी के प्रत्याशी, शोभनदेब चट्टोपाध्याय आगे चल रहे हैं और कोलकाता पोर्ट निर्वाचन क्षेत्र से फरहाद हाकिम भी आगे चल रहे हैं।

लोकसभा चुनाव में मिली सफलता को आधार बनाते हुए बीजेपी ने बंगाल में 200 से अधिक सीटें जीतने का प्लान बनाकर चुनाव लड़ा है। पश्चिम बंगाल की कुल 294 विधानसभा सीटों पर इस बार 8 चरणों में मतदान हुआ। कुछ जगह हिंसा के बीच आखिरकार चुनाव संपन्न हुआ। पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में कुल 81.87% मतदान हुआ।

First Published on: May 2, 2021 11:24 AM
Exit mobile version