कोलकाता। पश्चिम बंगाल में जैसे-जैसे चुनावी तारीख नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे भाजपा और टीएमसी एक दूसरे के खिलाफ आक्रामक होते जा रहे हैं और आरोपों का सिलसिला भी रफ़्तार पकड़ता जा रहा है। एक ओर जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल सरकार पर जमकर निशाना साधा तो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी पीएम के खिलाफ विवादित बयान दे डाला और उन्हें एक दंगाबाज बता दिया। साथ ही ये भी कहा कि पीएम की किस्मत अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी बुरा होगा।
बहरहाल, पश्चिम बंगाल में सियासत की जंग और तेज हो गई है। भाजपा और टीएमसी एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। इन सबके बीच सीएम ममता बनर्जी ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और एलपीजी गैस सिलिंडर के बढ़े हुई दाम के खिलाफ अनोखे तरीके से विरोध जताया। ममता बनर्जी बृहस्पतिवार को गले में महंगाई का पोस्टर लगाकर स्कूटी से राज्य सचिवालय पहुंची। इस दौरान उन्होंने बढ़ती हुई महंगाई के लिए सीधे तौर पर केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
ममता बनर्जी स्कूटी के पीछे बैठी थीं, जबकि पश्चिम बंगाल के शहरी विकास मामलों के मंत्री फिरहाद हकीम स्कूटी चला रहे थे। ममता बनर्जी के इस प्रदर्शन में उनके साथ बाइक्स का एक जत्था भी चल रहा था और काफिले में करीब 15 अन्य लोग भी इलेक्ट्रिक गाड़ियों के साथ शामिल थे। ममता बनर्जी ने कोलकाता में हाजरा से नबन्ना इलेक्ट्रिक स्कूटी से सफर किया।
सीएम ममता ने कहा कि बंगाल पर बंगाल का शासन होगा। गुजरात का बंगाल पर शासन नहीं होगा। मोदी बंगाल पर राज नहीं करेंगे। गुंडे बंगाल पर शासन नहीं करेंगे। ममता ने अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी की पत्नी से सीबीआई की पूछताछ पर कहा कि यह बंगाल की महिलाओं का अपमान है। कहा कि केंद्र सरकार सीबीआई, ईडी के जरिए विपक्ष को परेशान करने का काम करती है।
आपको बता दें कि इस वक्त भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेनी नड्डा भी बंगाल के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। कहा, ममता बनर्जी ने बंगाल में केवल हिंसा को बढ़ाया है। केंद्र सरकार की योजनाओं को यहां लागू नहीं होने देती हैं। भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।









