मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने दीपावली के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए जीवन में माफी, कृतज्ञता और मानसिक शांति के महत्व पर अपने विचार साझा किए। अपने ताजा ब्लॉग में उन्होंने कहा कि जीवन में विविधता ही जीवन का रहस्य है और हर व्यक्ति परिस्थितियों को अपने अलग नजरिए से देखता है।
अमिताभ बच्चन ने अपने संदेश में ईश्वर से सभी पर कृपा बनाए रखने और लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने लिखा कि ईश्वर का आशीर्वाद हमेशा हम सभी के साथ बना रहे और वह उसी तरह हमारी रक्षा करें, जैसे एक मां अपने बच्चे को स्नेह से अपने करीब रखती है।
अभिनेता ने दीपावली पर शुभकामनाएं और उपहार भेजने वाले लोगों का आभार भी जताया। उन्होंने बताया कि उन्हें इतने सारे उपहार मिले हैं कि उन्हें रखने के लिए जगह कम पड़ रही है।
बिग बी ने कहा कि वह अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों को व्यक्तिगत रूप से पत्र लिखकर जवाब देना चाहते थे, लेकिन लिखने वाले हाथ में परेशानी होने के कारण ऐसा नहीं कर पा रहे हैं। इस वजह से जवाब देने में देरी हो रही है, जिसके लिए उन्होंने सभी से क्षमा मांगी।
अपने ब्लॉग में उन्होंने माफी मांगने के महत्व पर भी विस्तार से विचार रखे। अमिताभ ने लिखा कि माफी मांगने में कोई बुराई नहीं है। सामने वाला व्यक्ति उसे स्वीकार भी कर सकता है और अस्वीकार भी।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति हमारी माफी को समझकर स्वीकार कर लेता है, तो मन को खुशी और शांति मिलती है। वहीं, माफी स्वीकार न होने पर नाराजगी और मनमुटाव बना रह सकता है।
अभिनेता ने पाठकों के सामने सवाल रखा कि जीवन में खुशी और मानसिक शांति को चुनना चाहिए या नाराजगी और दुख को। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को अपनी नाराजगी में भी संतुष्टि मिलती है, जबकि कुछ लोग जीवन में संतोष और शांति को प्राथमिकता देते हैं।
अपने विचारों को समाप्त करते हुए अमिताभ बच्चन ने लिखा, ‘जीवन में विविधता ही जीवन का रहस्य है।’ उन्होंने इस रहस्य को गहरा, अनोखा और परिस्थितियों से प्रभावित बताया।
अमिताभ बच्चन का यह दीपावली संदेश त्योहार की शुभकामनाओं के साथ मानवीय रिश्तों, आपसी समझ, क्षमा और जीवन में सकारात्मकता के महत्व को भी रेखांकित करता है।
