Grammy 2027: टेलर स्विफ्ट ने बनाया रिकॉर्ड, लगातार पांच एल्बम के लिए मिली ‘एल्बम ऑफ द ईयर’ कैटेगरी में नामांकन

वॉशिंगटन: अमेरिकी पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट ने ग्रैमी अवॉर्ड्स 2027 में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें अपने नए एल्बम ‘द लाइफ ऑफ ए शोगर्ल’ के लिए ‘एल्बम ऑफ द ईयर’ श्रेणी में नामांकन मिला है। इसके साथ ही उन्होंने लगातार पांच स्टूडियो एल्बम के लिए इस श्रेणी में नामांकन पाने का रिकॉर्ड बना लिया है।

वैरायटी की रिपोर्ट के अनुसार, टेलर स्विफ्ट यह उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी कलाकार बन गई हैं। उनसे पहले रैपर केंड्रिक लैमर लगातार पांच एल्बम के लिए इस श्रेणी में नामांकन हासिल कर चुके हैं, हालांकि वह अब तक यह पुरस्कार नहीं जीत पाए हैं।

टेलर स्विफ्ट को इस साल कुल पांच प्रमुख नामांकन मिले हैं। इनमें तीन बड़े वर्ग शामिल हैं। उन्हें ‘एल्बम ऑफ द ईयर’ के अलावा ‘रिकॉर्ड ऑफ द ईयर’ के लिए ‘द फेट ऑफ ओफेलिया’ और ‘सॉन्ग ऑफ द ईयर’ के लिए ‘आई नो यू, आई नो यू’ पर नामांकन मिला है। इसके अलावा सबरीना कारपेंटर के साथ गाए गए एल्बम के टाइटल ट्रैक के लिए पॉप डुओ श्रेणी और विजुअल मीडिया के लिए गीत श्रेणी में भी नामांकन मिला है।

रे को सबसे ज्यादा 11 नामांकन

इस साल नामांकनों की सूची में रे (Raye) 11 नामांकन के साथ सबसे आगे हैं। रोसालिया को नौ नामांकन मिले हैं। वहीं एला लैंगली, मिरांडा लैम्बर्ट, ओलिविया रोड्रिगो और फोबे ब्रिजर्स को सात-सात नामांकन हासिल हुए हैं।

ब्रूनो मार्स, लियोन थॉमस और ओलिविया डीन को छह-छह नामांकन मिले हैं।

‘एल्बम ऑफ द ईयर’ श्रेणी में रे के ‘दिस म्यूजिक मे कंसन होप’, रोसालिया के ‘लक्स’ के डीलक्स संस्करण, फोबे ब्रिजर्स के ‘लॉस्ट वीकेंड’, ओलिविया डीन के ‘द आर्ट ऑफ लविंग’, एला लैंगली के ‘डैंडेलियन’, ब्रूनो मार्स के ‘द रोमांटिक’, ओलिविया रोड्रिगो के ‘यू सीम प्रिटी सैड फॉर ए गर्ल सो इन लव’ और टेलर स्विफ्ट के ‘द लाइफ ऑफ ए शोगर्ल’ के बीच मुकाबला होगा।

डॉली पार्टन को मरणोपरांत तीन नामांकन

दिवंगत गायिका डॉली पार्टन को भी मरणोपरांत तीन नामांकन मिले हैं। उन्हें अपनी ऑडियो संस्मरण पुस्तक ‘स्टार ऑफ द शो: माई लाइफ ऑन स्टेज’ के लिए बेस्ट ऑडियोबुक श्रेणी में नामांकन मिला है। इसके अलावा बेस्ट कंट्री डुओ/ग्रुप परफॉर्मेंस श्रेणी में उनके दो गीतों को नामांकन मिला है। 69वें वार्षिक ग्रैमी अवॉर्ड्स का प्रसारण 7 फरवरी 2027 को होगा।

First Published on: November 17, 2026 10:51 AM
Exit mobile version