परेश रावल पूरी करेंगे ऋषि कपूर की अंतिम फिल्म ‘शर्माजी नमकीन’ की शूटिंग


ऋषि कपूर को उनके फैन एक आखिरी बार बड़े पर्दे पर देख सकेंगे। उनकी आखिरी फिल्म ‘शर्माजी नमकीन’ उनके जन्‍मदिन यानी 4 स‍ितंबर को र‍िलीज होगी।



मुंबई। दिग्गज अभिनेता परेश रावल एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की अंतिम फिल्म ‘शर्माजी नमकीन’ के शेष हिस्से की शूटिंग पूरी करेंगे।

ऋषि कपूर का बीते साल 30 अप्रैल को 67 साल की आयु में निधन हो गया था। वह अपने निधन से दो साल पहले ल्यूकीमिया से पीड़ित पाए गए थे। फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रावल फिल्म में वही किरदार निभाएंगे।

उन्होंने कहा, ‘परेश रावल ने फिल्म के शेष हिस्से की शूटिंग के लिये सहमति जता दी है। जल्द ही शूटिंग शुरू होगी।’ फिल्म चार सितंबर को कपूर के जन्मदिन पर रिलीज होगी।

इसमें अभिनेत्री जूही चावला भी अभिनय करती नजर आएंगी, जो 1990 के दशक में ‘बोल राधा बोल’, ‘ईना मीना डीका’ तथा ‘दरार’ जैसी फिल्मों में कपूर के साथ काम कर चुकी हैं। फिल्म का निर्देशन हितेन भाटिया कर रहे हैं।

यह ऋषि कपूर की आखिरी परफॉर्मेंस और उनके सभी प्रशंसकों के लिए उनके टैलेंट और करियर के जश्न के रूप में मनाने का एक मौका होगा. मैकगफिन पिक्चर्स के साथ रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर द्वारा निर्मित यह फ़िल्म डेब्यूटेंट हितेश भाटिया द्वारा निर्देशित है. यह फिल्म 60 साल के एक आदमी की कहानी है.

ये फिल्‍म कई मायनों में अनोखी होगी। दरअसल इस फिल्‍म की शूटिंग अभी अधूरी है और ऋषि कपूर भी अपना पूरा क‍िरदार शूट नहीं कर पाए थे। ऐसे में अब एक्‍टर परेश रावल ने फिल्म के बचे हिस्से को उसी भूमिका में पूरा करने का फैसला ल‍िया है। ये अपने आप में एक बेहद अनोखा कदम है और शायद हिंदी स‍िनेमा के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा। फिल्म निर्माताओं और परेश रावल ने फिल्म को ऋषि के सम्मान के रूप में रिलीज करने के लिए इस तरह का फैसला ल‍िया है।