छठा मुंबई इंडिपेंडेंट फिल्म फेस्टिवल 2026 संपन्न, देश-विदेश की फिल्मों और फिल्मकारों को मिला मंच

तीन दिवसीय महोत्सव में फिल्मों की स्क्रीनिंग, मास्टरक्लास और कार्यशालाओं का आयोजन; समापन समारोह में उत्कृष्ट फिल्मों और लेखन के लिए विजेताओं को किया गया सम्मानित।

मुंबई। स्वतंत्र सिनेमा और उभरते फिल्मकारों को प्रोत्साहित करने वाला छठा मुंबई इंडिपेंडेंट फिल्म फेस्टिवल (MIFF) 2026 सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश के फिल्मकारों को अपनी रचनात्मकता और कहानियां प्रदर्शित करने का अवसर मिला। मुंबई इंडिपेंडेंट फिल्म फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस महोत्सव में फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ मास्टरक्लास, कार्यशालाओं और संवाद सत्रों का भी आयोजन किया गया।

महोत्सव का संचालन चेयरमैन हारिल शुक्ला, डायरेक्टर अरहिमा शर्मा, क्रिएटिव एवं ऑपरेशंस डायरेक्टर योगेश कुमार मल्होत्रा और मुख्य सलाहकार अरुण शेखर के नेतृत्व में किया गया।

मास्टरक्लास और फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग

महोत्सव के शुरुआती दो दिनों में ‘वेदा ब्लैक बॉक्स’ में फिल्म निर्माण से संबंधित कार्यशालाएं और मास्टरक्लास आयोजित की गईं। इनमें ‘स्टेज टू स्क्रीन’ विषय पर विशेष चर्चा हुई, जिसमें मंचीय प्रस्तुतियों को सिनेमा के पर्दे पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के विभिन्न पहलुओं पर विचार किया गया।

फेस्टिवल में देश-विदेश की कई उल्लेखनीय फिल्मों का प्रदर्शन हुआ। इनमें स्पेन की ‘इन हाफ’ और ‘कन्वर्सेशन विद द डेड’ के साथ भारत-ऑस्ट्रेलिया की ‘फाइंडिंग ग्रैंडपा’ और ‘द डेजर्ट किक’ शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त ‘फितरत’, ‘मा इल्लू’, ‘म्यूट’ और ‘हिडन बर्डन्स’ जैसी लघु फिल्मों ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

समापन समारोह में फिल्म जगत की हस्तियों की मौजूदगी

फेस्टिवल का समापन समारोह 1 नवंबर को साठे कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट फिल्मों, पटकथाओं और लेखन के लिए विजेताओं को सम्मानित किया गया।

समारोह में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता निर्देशक भरत दिलीप शितोले और अभिनेत्री कनुप्रिया शंकर पंडित मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा सुप्रिया शुक्ला, मुग्धा चापेकर, अरुण शेखर, अंजुम फकीह, अरुण अरोड़ा, हेमंत माहौर, विशाल चतकारा, ओंकार शेट्टी, विनोद शर्मा वत्स और अमित जोशी सहित फिल्म जगत की कई हस्तियां जूरी सदस्य के रूप में शामिल हुईं।

नए फिल्मकारों को प्रोत्साहित करने की पहल

मुंबई इंडिपेंडेंट फिल्म फाउंडेशन की ओर से आयोजित यह महोत्सव स्वतंत्र सिनेमा को प्रोत्साहन देने और नए एवं उभरते फिल्मकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

इस अवसर पर सहज कलात्मक फाउंडेशन के प्रोजेक्ट हेड दिव्य प्रकाश ने भविष्य में भी सहयोग जारी रखने का विश्वास दिलाया। उन्होंने कहा कि सहज कलात्मक फाउंडेशन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले रचनात्मक और सांस्कृतिक प्रयासों में सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।

तीन दिनों तक चले इस महोत्सव ने स्वतंत्र सिनेमा, रचनात्मक अभिव्यक्ति और नए फिल्मकारों के लिए सार्थक संवाद एवं सहयोग की संभावनाओं को मजबूत किया।

First Published on: November 4, 2026 9:36 AM
Exit mobile version