भारत आई ट्रैवल ब्लॉगर का ट्रेन में बाथरूम तक किया पीछा, वीडियो में शेयर किया का डरावना एक्सपीरियंस

भारत घूमने आई एक विदेशी ट्रैवल व्लॉगर का ट्रेन में सफर उस वक्त डराने वाले एक्सपीरियंस में बदल गया, जब उसने दावा किया कि कुछ युवक लगातार उसे घूर रहे थे और उनमें से एक उनका पीछा करते हुए ट्रेन के बाथरूम तक पहुंच गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बहस छेड़ दी है। विदेशी व्लॉगर ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में पूरी घटना बताते हुए कहा कि उसे पूरे सफर के दौरान बहुत अनकंफरटेबल महसूस हुआ।

विदेशी ट्रैवल व्लॉगर फारिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर कर बताया कि वह भारत में ट्रेन से सफर कर रही थी। इस दौरान सामने बैठे 4 से 5 युवक लगातार उसे घूर रहे थे। वीडियो में वह करती नजर आती है कि युवक उसे ऐसे देख रहे थे, जैसे उन्होंने पहले कभी किसी महिला को नहीं देखा हो। व्लॉगर के अनुसार, शुरुआत में उसने इसे नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन बाद में मामला और ज्यादा डरावना हो गया। उसने बताया कि वह दूसरे कोच के वॉशरूम में गई, ताकि उन लोगों से दूर रह सके। लेकिन एक युवक उसका पीछा करते हुए वहां तक पहुंच गया।

महिला ने दावा किया कि जैसे ही वह वॉशरूम के अंदर गई, करीब 30 सेकंड बाद एक युवक वहां पहुंचा और दरवाजा खोलने की कोशिश करने लगा। गनीमत रही कि उसकी दोस्त ने देख लिया और तुरंत बाहर आकर खड़ी हो गई। इसके बाद दोनों ने ट्रेन स्टाफ से शिकायत की। महिला ने वीडियो में कहा कि युवक के पास वहां आने की कोई वजह नहीं थी, क्योंकि उसके कोच के पास भी वॉशरूम मौजूद था। इस घटना के बाद ट्रेन स्टाफ ने दोनों महिलाओं को दूसरे और ज्यादा सुरक्षित कोच में शिफ्ट कर दिया। हालांकि डरावने एक्सपीरियंस के बावजूद विदेशी महिला ने भारतीय रेलवे स्टाफ की तारीफ की। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलते ही स्टाफ ने तुरंत मदद की और उन्हें सुरक्षित जगह पर शिफ्ट कर दिया। महिला ने कहा ट्रेन स्टाफ का बहुत शुक्रिया जिन्होंने हमारी मदद की।

यह वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर रिएक्शंस देना शुरू कर दिया। एक यूजर ने लिखा मैं भारतीय हूं और मुझे खुद यहां असुरक्षित महसूस होता है। दूसरे यूजर ने कहा कुछ लोगों की वजह से पूरी दुनिया में भारत की छवि खराब होती है। वहीं एक और यूजर ने लिखा महिलाओं के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट में अलग सेक्शन होना बहुत जरूरी है। वहीं एक कमेंट में लिखा गया, आपने सही किया कि तुरंत ट्रेन स्टाफ और पुलिस को जानकारी दी। कुछ यूजर्स ने महिला को सपोर्ट करते हुए कहा ऐसी घटनाओं को सामने लाना जरूरी है, ताकि लोग सतर्क रहे। ज्यादातर लोगों ने महिला के एक्सपीरियंस को गंभीर बताते हुए ट्रेन में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।

First Published on: May 30, 2026 5:38 PM
Exit mobile version