देश में सात माह बाद एक दिन में सबसे कम कोरोना के 10 हजार नए मामले

नई दिल्ली। देश में बीते सात महीने से अधिक समय में कोरोना वायरस के एक दिन में सबसे कम 10 हजार नए मामले सामने आए जिसके साथ संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,05,81,837 पर पहुंच गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक मंगलवार को संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की कुल संख्या 1,02,28,753 हो गई।

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 137 लोगों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 1,52,556 पर पहुंच गई। संक्रमण से एक दिन में मरने वालों की संख्या भी बीते करीब आठ महीने में सबसे कम है। संक्रमणमुक्त होने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ी है और यह 1,02,28,753 है। इसके साथ ठीक होने वालों की राष्ट्रीय दर 96.66 फीसदी हो गई है। वहीं, संक्रमण से मृत्यु दर 1.44 फीसदी है।

देश में कोरोना का इलाज करा रहे लोगों की संख्या तीन लाख से कम बनी हुई है। वर्तमान में 2,00,528 संक्रमितों का इलाज चल रहा है जो संक्रमण के कुल मामलों का 1.90 फीसदी है। देश में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख के पार चली गई थी।

वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख के पार, 28 सितम्बर को 60 लाख के पार, 11 अक्टूबर को 70 लाख से अधिक, 29 अक्टूबर को 80 लाख से अधिक और 20 नवम्बर को 90 लाख से अधिक हो गए थे। कुल मामले 19 दिसम्बर को एक करोड़ से अधिक हो गए थे।

अब तक देश में कुल 1,52,556 लोगों की मौत हुई है जिनमें से 50,473 महाराष्ट्र से, 12,272 तमिलनाडु से, 12,175 कर्नाटक से, 10,754 दिल्ली से, 10,063 पश्चिम बंगाल से, 8,580 उत्तर प्रदेश से, 7,141 आंध्र प्रदेश से और 5,509 मृतक पंजाब से हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का आईसीएमआर के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

First Published on: January 19, 2021 1:12 PM
Exit mobile version