ग्लोबल सेलीब्रिटीज के ट्वीट के बाद, भारतीय सितारों के सहारे साख बचाने में जुटी मोदी सरकार

किसान आंदोलन मामले पर अब सरकार ने खेल, फिल्म और संगीत जगत के कई बड़े सितारों को मैदान में उतार दिया है। जिन्होंने किसान आंदोलन को लेकर ट्वीट कर सरकार के साथ एक जुट होने की अपील की है।

नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसान आंदोलन ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। अब यह सिर्फ देश का ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया का विवादित मुद्दा बन चुका है।

बता दें कि इस आंदोलन ने अंतरराष्ट्रीय सुर्खियां तब बटोरी जब अमेरिकी पॉप स्टार रिहाना और क्लाइमेट चेंज एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग ने किसान आंदोलन को लेकर ट्वीट किया। जिसके बाद भारतीय राजनीति में उथल-पुथल मच गई। जिस पर भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया कि किसी भी तथ्य को बिना जांचे बयानबाजी न करें, साथ ही सरकार की ओर से इसे विदेशी प्रोपेगेंडा का हिस्सा करार दिया गया।

हालांकि इस मामले पर अब सरकार ने खेल, फिल्म और संगीत जगत के कई बड़े सितारों को मैदान में उतार दिया है। जिन्होंने ट्वीट कर सरकार के साथ एक जुट होने की अपील की है।

वहीं भारतीय सेलेब्रिटीज के इन ट्वीट को इंटरनेशनल सेलेब्रिटीज के ट्वीट का जवाब माना जा रहा है। जिसके बाद से ही सोशल मीडिया पर #IndiaStandsTogether, #IndiaAgainstPropaganda, #IndiaTogether ट्रेंड कर रहा है।

जहां फिल्मी हस्तियों में एक्टर सुनील शेट्टी, डायरेक्टर करण जौहर, एकता कपूर ने ट्वीट करते हुए विदेश मंत्रालय के बयान का समर्थन किया है, साथ ही लिखा कि, किसानों के हक में हम सभी हैं, लेकिन किसी विदेशी प्रोपेगेंडा में ना आएं और एकजुट रहें।

First Published on: February 4, 2021 12:46 PM
Exit mobile version