सेशेल्स के विदेश मंत्री बैरी फॉरे नई दिल्ली पहुंचे, 25वीं IORA मंत्रिपरिषद बैठक में होंगे शामिल

नई दिल्ली: सेशेल्स के विदेश मंत्री एवं प्रवासी मामलों के मंत्री बैरी फॉरे गुरुवार को 25वीं हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (IORA) मंत्रिपरिषद की बैठक में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे। यह उच्चस्तरीय बैठक 27 नवंबर को आयोजित होगी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में भारत के एक भरोसेमंद साझेदार का नई दिल्ली पहुंचने पर स्वागत है। उन्होंने भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत समुद्री संबंधों का भी उल्लेख किया।

इससे पहले मॉरीशस के विदेश, क्षेत्रीय एकीकरण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री धनंजय रामफल भी बैठक में शामिल होने के लिए भारत पहुंचे। विदेश मंत्रालय ने उनके आगमन पर भारत और मॉरीशस के पुराने और मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को रेखांकित किया।

भारत 2025 से 2027 तक IORA की अध्यक्षता कर रहा है और इसी क्रम में 25वीं मंत्रिपरिषद बैठक की मेजबानी कर रहा है। इस बैठक में संगठन के 23 सदस्य देशों और 12 संवाद साझेदार देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसमें हिंद महासागर क्षेत्र में क्षेत्रीय सहयोग की मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा और भविष्य की नीतिगत प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले 25 से 26 नवंबर तक नई दिल्ली में वरिष्ठ अधिकारियों की 29वीं समिति (CSO) की बैठक आयोजित की जा रही है।

इस उच्चस्तरीय बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संगठन की भावी नीतिगत दिशा, क्षेत्रीय सहयोग और नए क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।

IORA की 2025-2027 की अध्यक्षता के लिए भारत ने ‘नवाचार, खुलेपन, लचीलापन और अनुकूलन क्षमता’ को अपना विषय बनाया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, बैठक का उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र को शांति, स्थिरता, भरोसे और सतत विकास के क्षेत्र के रूप में मजबूत करना है।

बैठक में भारत के ‘महासागर’ (MAHASAGAR) दृष्टिकोण पर भी जोर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य क्षेत्र में सभी देशों की सुरक्षा और विकास के लिए आपसी सहयोग को बढ़ावा देना तथा खुले, समावेशी और नियम-आधारित समुद्री व्यवस्था को मजबूत करना है।

इस बैठक में शामिल होने के लिए 25 से 27 नवंबर के बीच कई अन्य देशों के प्रतिनिधि भी भारत पहुंच रहे हैं। इनमें सोमालिया के विदेश मामलों के राज्य मंत्री अली मोहम्मद उमर, सिंगापुर के विदेश मामलों के राज्य मंत्री एल्विन टैन और श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ शामिल हैं। इसके अलावा मलेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया और इंडोनेशिया के प्रतिनिधियों के भी बैठक में शामिल होने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि मंत्रिपरिषद IORA की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था है, जो संगठन को नीतिगत और रणनीतिक दिशा प्रदान करती है। वहीं, वरिष्ठ अधिकारियों की समिति मंत्रिपरिषद के फैसलों को लागू करने की समीक्षा करती है और संगठन के कार्यों में समन्वय स्थापित करती है।

First Published on: November 26, 2026 10:32 AM
Exit mobile version