कोरोना: भाजपा के पूर्व विधायक पास्कल का निधन, केंद्रीय मंत्री भी हुए कोरोना पॉजिटिव

भाषा भाषा
देश Updated On :

पालघर/मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक पास्कल धनारे का सोमवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी के सूत्रों ने बताया कि 49 वर्षीय धनारे कोरोना से जूझ रहे थे और इससे पहले उन्हें गुजरात में वापी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

स्थिति बिगड़ने के बाद उन्हें रविवार रात गुजरात से सटे मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों ने बताया कि धनारे की सोमवार सुबह मौत हो गई। उनके परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। धनारे महाराष्ट्र में पालघर जिले के धनाऊ से 2014 से 2019 तक विधायक रहे।

वहीं केंद्रीय मंत्री संजीव बाल्यान कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और उन्होंने स्वयं को पृथक-वास में रख लिया है। बाल्यान ने रविवार रात ट्वीट किया, “पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान मैंने कुछ लक्षण नजर आने के बाद कोरोना संबंधी जांच कराई।

जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है और मैंने खुद को पृथक-वास में रख लिया है।” बाल्यान ने पिछले कुछ दिनों में उनके संपर्क में आए लोगों से कोरोना की जांच कराने का आग्रह किया है।



Related