देश में कोरोना संक्रमण के मामले 81 लाख के पार, 74.91 लाख लोग हुए स्वस्थ

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 46,963 नए मामले सामने आने के बाद देश में अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या रविवार को बढ़कर 81,84,082 हो गई, जिनमें से 74.91 लाख से अधिक लोग स्वस्थ हो चुके हैं और इसी के साथ देश में लोगों के संक्रमणमुक्त होने की दर बढ़कर 91.54 प्रतिशत हो गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 470 और लोगों की मौत होने से देश में संक्रमण के कारण अब तक जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,22,111 हो गई है। अब तक 74 लाख से अधिक लोग इससे उबर चुके हैं और देश में लोगों के संक्रमणमुक्त होने की दर बढ़कर 91.54 प्रतिशत हो गई है। कोरोना वायरस के कारण लोगों की मौत की दर 1.49 प्रतिशत है।

लगातार तीसरे दिन उपचाराधीन लोगों की संख्या छह लाख से नीचे रही। आंकड़ों के अनुसार, देश में 5,70,458 लोग उपचाराधीन हैं, जो कुल मामलों का 6.97 प्रतिशत है।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, 31 अक्टूबर तक कुल 10,98,87,303 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की चुकी है, जिनमें से शनिवार को 10,91,239 नमूनों की जांच की गई।

First Published on: November 1, 2020 12:55 PM
Exit mobile version