CORONA UPDATE : देश में कोविड-19 के 10,197 नए मामले दर्ज, 301 मरीजों की मौत

देश में लगातार 40 दिन से कोविड-19 के दैनिक मामले 20 हजार से कम हैं और 143 दिन से 50 हजार से कम दैनिक मामले सामने आ रहे हैं।

नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 10,197 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,44,66,598 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,28,555 हो गई है, जो 527 दिन में सबसे कम है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 301 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,64,153 हो गई। देश में लगातार 40 दिन से कोविड-19 के दैनिक मामले 20 हजार से कम हैं और 143 दिन से 50 हजार से कम दैनिक मामले सामने आ रहे हैं।

उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी घटकर 1,28,555 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.37 प्रतिशत है। यह दर मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 2,238 की कमी दर्ज की गई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.28 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 के बाद से सर्वाधिक है।

First Published on: November 17, 2021 11:18 AM
Exit mobile version