CORONA UPDATE: देश में कोरोना वायरस संक्रमण से 20 और लोगों की मौत, 13,615 नए मामले आए सामने

भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 13,615 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,36,52,944 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,31,043 पर पहुंच गई।

नईदिल्ली। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 13,615 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,36,52,944 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,31,043 पर पहुंच गई।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण से 20 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,25,474 हो गई। देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,31,043 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.30 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 330 की बढ़ोतरी हुई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.50 प्रतिशत है।

आंकड़ों के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 3.23 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 4.24 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,29,96,427 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 199 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं।

गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।

देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से 20 मरीजों की जान गई है। इनमें से केरल तथा पश्चिम बंगाल में तीन-तीन, बिहार, हरियाणा, महाराष्ट्र तथा राजस्थान में दो-दो और छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक मध्य प्रदेश, पंजाब तथा सिक्किम में एक-एक मरीजों की मौत हुई है।

अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक देश भर में कुल 5,25,474 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,47,978, केरल के 70,153, कर्नाटक के 40,124, तमिलनाडु के 38,028, दिल्ली के 26,284, उत्तर प्रदेश के 23,547 और पश्चिम बंगाल के 21,246 लोग थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक जिन लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक मरीजों को अन्य गंभीर बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

First Published on: July 12, 2022 7:15 PM
Exit mobile version