CORONA UPDATE: भारत में कोरोना के 70,421 नए मामले, 3,921 और लोगों की मौत

भारत में एक दिन में कोविड-19 के 70,421 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,95,10,410 हो गई। देश में 74 दिन बाद संक्रमण के इतने कम मामले सामने आए हैं। उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी करीब दो माह बाद, 10 लाख से कम हो गई है।

नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 70,421 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,95,10,410 हो गई। देश में 74 दिन बाद संक्रमण के इतने कम मामले सामने आए हैं। उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी करीब दो माह बाद, 10 लाख से कम हो गई है।


आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 37,96,24,626 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 14,92,152 नमूनों की जांच रविवार को की गई। नमूनों के संक्रमित आने की दैनिक दर 4.72 प्रतिशत है। पिछले 21 दिन से संक्रमण की दैनिक दर 10 प्रतिशत से कम बनी हुई है। वहीं, संक्रमण की साप्ताहिक दर भी कम होकर 4.54 प्रतिशत हो गई है। संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या लगातार 32वें दिन संक्रमण के नए मामलों से अधिक रही।

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख के पार हो गए। देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार और चार मई को दो करोड़ के पार चले गए थे।

आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से जिन 3,921 लोगों की मौत हुई, उनमें से महाराष्ट्र के 2,771, तमिलनाडु के 267, केरल के 206 और कर्नाटक के 125 लोग थे।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक 3,74,305 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,11,104 मरीज, कर्नाटक के 32,913 मरीज, तमिलनाडु के 29,547 मरीज, दिल्ली के 24,823 मरीज, उत्तर प्रदेश के 21,786 मरीज, पश्चिम बंगाल के 16,896 मरीज, पंजाब के 15,562 मरीज और छत्तीसगढ़ के 13,317 मरीज थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

First Published on: June 14, 2021 12:24 PM
Exit mobile version