दिल्ली सेवा बिल लोकसभा में ध्‍‍‍‍‍वनि मत से हुआ पास, विपक्ष का सदन से वॉकआउट


गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 1993 से 2015 तक दिल्ली के किसी मुख्यमंत्री से झगड़ा नहीं हुआ। अगर झगड़ा करने का स्वभाव है तो हम क्या कर सकते हैं ? हम तो रिसिविंग एंड पर हैं। जब आप एक उंगली हमारी ओर उठाते हो तो तीन आपकी ओर होती है।


नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
देश Updated On :

नई दिल्‍ली। दिल्ली के अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़े अध्यादेश की जगह लेने वाला दिल्ली सेवा बिल लोकसभा में गुरुवार को ध्‍‍‍‍‍वनि मत से पास हो गया। इस दौरान चर्चा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह  (Home Minister Amit Shah) ने कहा कि केंद्र को कानून बनाने का अधिकार है। यह अध्यादेश पूरी तरह से संवैधानिक है। इसके पास होते ही विपक्षी पार्टियों का गठबंधन टूट जाएगा। वहीं, विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया है। बिल पास होने के बाद सदन को कल तक के लिए स्‍थगित कर दिया गया है।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 1993 से 2015 तक दिल्ली के किसी मुख्यमंत्री से झगड़ा नहीं हुआ। अगर झगड़ा करने का स्वभाव है तो हम क्या कर सकते हैं ? हम तो रिसिविंग एंड पर हैं। जब आप एक उंगली हमारी ओर उठाते हो तो तीन आपकी ओर होती है। बिल पास होने के बाद गठबंधन टूट जाएगा; गठबंधन की मजबूरी होती है। इसलिए सभी दल सतर्कता के साथ जुड़ गए थे। दिल्ली सरकार कैबिनेट की बैठक नहीं बुलाती है।

AAP सांसद सुशील कुमार रिंकू को पूरे सत्र के लिए सस्पेंड

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज देश ने देखा कि कैसे संसद के 15 दिन विपक्ष ने खराब किए और आज जब अपने पर बात आई तो गठबंधन बचाने के लिए सब एक हो गए। वहीं AAP सांसद सुशील कुमार रिंकू को पूरे सत्र के लिए सस्पेंड किया गया है। इसका संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने प्रस्ताव किया था। गौरतलब है कि सांसद रिंकू ने दिल्ली बिल पर चर्चा के दौरान वेल में आकार आसन के ऊपर कागज फेंके थे।

भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने दिल्‍ली की सरकार पर उठाए सवाल

भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा है कि अब विपक्ष को भी समझ में आया कि ग़ैर ज़िम्मेदार तरीक़े से दिल्ली की सरकार चलाई जा रही है और फ़्लोर ऑफ द हाउस ने बिल का समर्थन किया है। विपक्ष को भी समझ में आया कि ग़ैर ज़िम्मेदार तरीक़े से दिल्ली की सरकार किस तरह से चलाई जा रही है। आज आप सांसद रिंकू का व्यवहार संसद ने देखा, वही व्यवहार दिल्ली की जनता रोज़ देखती है।