नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गणतंत्र दिवस के दिन किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान हिंसा में घायल हुए पुलिसकर्मियों का हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे। किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान हिंसा की घटनाओं में करीब 400 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान नवंबर माह से ही दिल्ली की अलग-अलग सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
शाह ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली पुलिस के घायल कर्मियों से मिल रहा हूं। हमें उनके साहस और बहादुरी पर गर्व है।’’ केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला और दिल्ली पुलिस आयुक्त एस एन श्रीवास्तव भी गृह मंत्री के साथ थे। शाह ने इस दौरान पुलिसकर्मियों से बातचीत की और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली।
Meeting the injured Delhi Police personnel. We are proud of their courage and bravery. https://t.co/7ooTwEf06x
— Amit Shah (@AmitShah) January 28, 2021
योजना के अनुसार गृह मंत्री सुश्रुत ट्रामा सेंटर और तीरथ राम अस्पताल का दौरा कर रहे हैं। इन अस्पतालों में कुछ घायल कर्मियों को इलाज के लिए भर्ती किया गया है। दोनों अस्पताल सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थित हैं।
दिल्ली पुलिस ने बुधवार को आरोप लगाया था कि किसान नेताओं ने भड़काऊ भाषण दिए और वह हिंसा में शामिल हैं। हिंसा और तोड़-फोड़ में दिल्ली पुलिस के 394 कर्मी घायल हुए हैं।