एकनाथ शिंदे गुट को चुनाव आयोग ने दी दो तलवारें और ढाल निशान

मुंबई के अंधेरी विधानसभा उपचुनाव को लेकर एकनाथ शिंदे गुट को चुनाव आयोग ने 'दो तलवारें-एक ढाल' चुनाव चिन्ह आवंटित कर दी हैं। आज ही शिंदे गुट ने अपने पसंद के 3 नाम चुनाव आयोग को भेजे थे।

नई दिल्ली। मुंबई के अंधेरी विधानसभा उपचुनाव को लेकर एकनाथ शिंदे गुट को चुनाव आयोग ने ‘दो तलवारें-एक ढाल’ चुनाव चिन्ह आवंटित कर दी हैं। आज ही शिंदे गुट ने अपने पसंद के 3 नाम चुनाव आयोग को भेजे थे। उद्धव ठाकरे गुट के मशाल निशान के बाद एकनाथ शिंदे गुट को दो तलवार के साथ एक ढाल निशान चुनाव आयोग ने दिया है। इसके पहले एकनाथ शिंदे की पार्टी को चुनाव आयोग ने बालासाहेबांची शिवसेना नाम जारी किया था। एकनाथ शिंदे गुट ने इसके अलावा सूरज और पीपल का पेड़ का विकल्प भी दिया था, जिसे आयोग ने नकार दिया है।

सोमवार को उद्धव ठाकरे गुट को चुनाव आयोग ने शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे नाम और मशाल चुनाव निशान दिया था। अब अंधेरी विधानसभा उपचुनाव में दोनों गुट को अपने अपने नए नाम और निशान के साथ ही जाना होगा। हालांकि सूत्रों की माने तो अंधेरी उपचुनाव शिंदे की सहयोगी पार्टी भाजपा लड़ेगी।

गौरतलब है कि हाल ही में चुनाव आयोग ने आगामी अंधेरी विधानसभा उपचुनाव में शिवेसना के नाम और चुनाव चिन्ह धनुष और तीर के इस्तेमाल पर अंतरिम रोक लगा दी थी। इसके बाद उद्धव और शिंदे दोनों गुट को नाम और निशान आवंटित किए गए हैं।

First Published on: October 11, 2022 7:34 PM
Exit mobile version