गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर रैली को लेकर पुलिस अधिकारियों से मिलेंगे किसान नेता

नई दिल्ली। किसान संगठनों के नेता तीन कृषि कानूनों के खिलाफ 26 जनवरी को प्रस्तावित अपनी ट्रैक्टर रैली के लिए मार्ग और इंतजामों पर चर्चा करने के लिए बुधवार को दिल्ली, हरियाणा और उत्तरप्रदेश पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के साथ मुलाकात करेंगे।

राष्ट्रीय राजधानी की अलग-अलग सीमाओं पर किसान पिछले 56 दिनों से तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। गतिरोध दूर करने के प्रयासों के तहत 40 किसान संगठनों के नेता बुधवार दोपहर में तीन केंद्रीय मंत्रियों के साथ 10 वें दौर की वार्ता करेंगे।

जमूरी किसान यूनियन के नेता कलवंत सिंह संधू ने बताया, बलबीर सिंह राजेवाल समेत किसान नेताओं का एक समूह तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ गणतंत्र दिवस पर विरोध प्रदर्शन के लिए रैली के मार्ग और अन्य इंतजामों को लेकर दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के साथ वार्ता करेगा।

बताया जाता है कि संयुक्त पुलिस आयुक्त (उत्तरी रेंज) एस एस यादव दिल्ली पुलिस से बैठक का समन्वय करेंगे। हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पुलिस अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे। आंदोलन कर रहे किसान संगठनों ने कहा है कि ट्रैक्टर रैली के लिए उनकी तैयारियां चल रही है और प्रशासन को ‘शंतिपूर्ण मार्च’ की अनुमति देनी चाहिए।

First Published on: January 20, 2021 1:01 PM
Exit mobile version