दिल्ली प्रदर्शन में युवती से मारपीट करने वाले 4 आरोपियों की पहचान

दिल्ली में शनिवार को CJP के विरोध-प्रदर्शन के दौरान कथित हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा युवती के साथ मारपीट किए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि चारों आरोपियों की पहचान हो गयी है उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।

दिल्ली पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है, “सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो, जिसमें चार लोग कथित तौर पर एक महिला के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं, का दिल्ली पुलिस (कमला मार्केट थाना) ने स्वतः संज्ञान लेते हुए तुरंत कार्रवाई की और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।”

चारों की शिनाख्त हुई

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इसमें शामिल चारों लोगों की पहचान कर ली गई है और उनका पता लगा लिया गया है। कानून के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने दावा किया कि हिंसा की घटनाओं के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और ऐसी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रदर्शन के दौरान पीटा था

वीडियो के मुताबिक कुछ युवक-युवती प्रदर्शन कर रहे थे, जिन्हें इन चारों ने घेरकर मारा। यही नहीं इन चारों ने एक लड़की को भी बेरहमी से गिराकर पीटा। जिसका सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसके साथ ही वहां पहुंची पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं, जिस प्रकार उन्होंने उन चारों को वहां से जाने दिया।

अब दिल्ली पुलिस द्वारा इन सभी पर कार्रवाई की बात से उम्मीद जगी है कि गिरफ्तार कर समुचित कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान कई जगह आरोप लगे थे कुछ लोग ग्रुप्स में प्रदर्शनकारियों को पीट रहे थे, लेकिन पुलिस उन पर कोई एक्शन नहीं ले रही थी। जिसके बाद लोग दिल्ली पुलिस को सोशल मीडिया पर टैग कर सवाल पूछ रहे थे। जिस तरह से पूरा घटनाक्रम हुआ था उससे पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे थे।

First Published on: October 11, 2026 12:13 PM
Exit mobile version