कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को रविवार को बड़ी राहत मिली। दिल्ली कैंट की मजिस्ट्रेट कोर्ट ने इन तीनों को रिहा करने का आदेश दिया है। दिल्ली पुलिस की टीम तीनों को लेकर मजिस्ट्रेट के सामने पेश हुई थी। इस मामले पर सीजेपी की प्रतिक्रिया आई है। सीजेपी की लीगल हेड रत्ना सिंह ने कहा कि तीनों को मजिस्ट्रेट कोर्ट ने छोड़ने का आदेश दिया है। इसके अलावा कोर्ट ने शर्त के साथ जमानत दी है।
रत्ना सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि एक साल तक शांति भंग न हो इस शर्त पर जमानत दी है। इससे पहले रत्ना सिंह ने जानकारी दी थी कि मजिस्ट्रेट कोर्ट में अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका की पेशी होनी है। उन्हें शनिवार (10 अक्तूबर 2026) को दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर निकलने से पहले ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
ध्रुव राठी हुए रिहा
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस की तरफ से हिरासत में लिए गए यूट्यूबर ध्रुव राठी को शनिवार देर रात रिहा कर दिया गया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक सूत्र ने कहा, ‘‘अगर वह (राठी) निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद जंतर-मंतर जाने की कोशिश करते हैं तो उन्हें दोबारा हिरासत में लिया जा सकता है या उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।’’
राठी को कब किया गया था गिरफ्तार?
राठी को शनिवार को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था की अत्यधिक सख्ती के बीच की गई। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों से 7,000 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है ताकि प्रदर्शनकारियों को SIR से संबंधित कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने से रोका जा सके।
