कोविड टीकाकरण को लेकर सरकार व कांग्रेस आमने-सामने

कोविड-19 टीकाकरण लक्ष्यों को लेकर कांग्रेस और केंद्र ने सोमवार को एक दूसरे पर निशाना साधा और प्रमुख विपक्षी दल के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने टीकों की बूस्टर खुराक को लेकर भ्रम की स्थिति होने का आरोप लगाया वहीं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी पर पलटवार करते हुए "गलत सूचना फैलाने" का आरोप लगाया।

नई दिल्ली।  कोविड-19 टीकाकरण लक्ष्यों को लेकर कांग्रेस और केंद्र ने सोमवार को एक दूसरे पर निशाना साधा और प्रमुख विपक्षी दल के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने टीकों की बूस्टर खुराक को लेकर भ्रम की स्थिति होने का आरोप लगाया वहीं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी पर पलटवार करते हुए “गलत सूचना फैलाने” का आरोप लगाया।

पूर्व गृह मंत्री चिदंबरम ने कोविड के खिलाफ टीकाकरण की कथित धीमी गति को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि देश 31 दिसंबर तक 100 प्रतिशत पहली खुराक टीकाकरण का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाएगा।

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘हम सच्चाई का सामना करें, भले ही सरकार इसके लिए तैयार न हो। सभी 94 करोड़ वयस्कों को 31 दिसंबर से पहले टीके की पहली खुराक नहीं लगेगी। हम 100 प्रतिशत कवरेज नहीं हासिल कर सकेंगे। बहुत बड़ी संख्या में लोगों को टीके की दूसरी खुराक नहीं लग सकेगी।’’

केंद्रीय शिक्षा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता प्रधान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता ‘‘घबराहट और भय पैदा कर रहे हैं तथा गलत जानकारी फैला रहे हैं।

चिदंबरम ने यह भी आरोप लगाया कि बूस्टर खुराक का प्रस्ताव “भ्रम पैदा करने वाला” है। उन्होंने कहा, “कोविशील्ड के लिए बूस्टर खुराक टीका कौन सा है? मुझे उम्मीद है कि कोविशील्ड की एक और खुराक नहीं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अतीत की गलतियों का परिणाम अब सामने आ रहा है। हम ऑर्डर में देरी, भुगतान में देरी, फाइजर एवं मॉडर्ना को लाइसेंस नहीं देने तथा अपर्याप्त उत्पादन एवं आपूर्ति की कीमत चुका रहे हैं।’’

First Published on: December 27, 2021 9:30 PM
Exit mobile version