भारत-ऑस्ट्रेलिया ने की न्यूक्लीयर एनर्जी पर डील, कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर

ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज की मौजूदगी में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को नई मजबूती देने, समुद्री सुरक्षा, साइबर तकनीक, आपूर्ति श्रृंखला, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष और व्यापार के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर सहमति जताई।

दोनों नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति और स्थिरता तथा वैश्विक तनावों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति को सबसे प्रभावी रास्ता बताया।

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग पर संयुक्त घोषणा जारी की है, जिससे व्यावहारिक साझेदारी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया भारत को शीर्ष सुरक्षा साझेदार के रूप में देखता है और दोनों देश शांतिपूर्ण, स्थिर तथा समृद्ध इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए प्रतिबद्ध हैं।

दोनों देशों ने रणनीतिक समन्वय बढ़ाने, रक्षा अभ्यासों को और जटिल बनाने तथा दोनों सेनाओं के बीच इंटर – ऑपरेबिलिटी मजबूत करने पर सहमति जताई। साथ ही इंडो-पैसिफिक से जुड़े रक्षा मामलों पर नियमित परामर्श करने का भी फैसला लिया गया।

First Published on: July 9, 2026 11:43 AM
Exit mobile version