सचिन पायलट का निशाना, ‘पहले नोटबंदी हुई थी, अब वोटबंदी की जा रही’

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
राजस्थान Updated On :

विपक्षी दलों की ओर से लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है। चुनाव आयोग के खिलाफ चल रहे विपक्ष के आंदोलन पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग राष्ट्रपति से बड़ा नहीं है। चुनाव आयोग पूरी तरह तानाशाह बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी देते हुए ये भी कहा कि वोटों की चोरी के मुद्दे को लेकर हम चुप नहीं बैठेंगे, बेईमानी का पर्दाफाश करेंगे।

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, ”चुनाव आयोग के ऊपर लोकतंत्र को बचाने की जिम्मेदारी है लेकिन वही लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने का काम कर रहा है। बीजेपी सरकार में पहले नोटबंदी हुई थी और अब वोटबंदी की जा रही है।”

उन्होंने ये भी कहा कि वोटों की चोरी के मुद्दे को लेकर हम चुप नहीं बैठेंगे। बेईमानी का पर्दाफाश करेंगे और गांव गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र को बचाने का काम करेगी। उन्होंने सवाल किया कि अगर विपक्षी पार्टियों के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं तो उन्हें मुलाकात करने में क्या दिक्कत है?

राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम ने आगे कहा, ”एक-एक सांसद करीब पचीस लाख वोटर्स का नुमाइंदा होता है। नेता प्रतिपक्ष के साथ जो व्यवहार किया गया, वह इससे पहले कभी नहीं हुआ। दिल्ली पुलिस का रवैया दंडनीय है। चुनाव आयोग को पूरी तरह निष्पक्ष बनाने की जरूरत है। देश का जो हाल है, वह ठीक नहीं है।”

कांग्रेस महासचिव पायलट ने दावा करते हुए ये भी कहा कि राजस्थान में होने जा रहे पंचायत चुनाव में पार्टी बेहतरीन प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा, ” नगर निकाय के चुनाव में हमने बीजेपी को बराबरी पर छोड़ा था। पंचायत चुनाव में बीजेपी को बुरी तरह हराने का काम करेंगे। बीजेपी चुनाव आयोग और धनबल की मदद से बहुमत हासिल करने की कोशिश में है। कांग्रेस पार्टी साफ सुथरी छवि वाले नौजवानों को पंचायत चुनाव में उम्मीदवार बनाएगी।”