भारत बंद: दिल्ली में सड़कें, टोल प्लाजा जाम करने को तैयार किसान, NCR में योगी ने बढ़ाई पुलिस

पुलिस ने कहा कि बंद के मद्देनजर जिले में हर महत्वपूर्ण स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है। अगर कोई व्यक्ति कानून हाथ में लेगा या कानून व्यवस्था को बाधित करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नई दिल्ली। केन्द्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ मंगलवार को ‘भारत बंद’ का आह्वान करने वाले किसान संगठनों ने प्रमुख मार्ग और ‘टोल प्लाजा’ जाम करने की तैयारी शुरू कर दी है।

अखिल भारतीय किसान सभा (एआईकेएस) के महासचिव हन्नान मोल्ला ने कहा कि ‘भारत बंद’ किसानों की ताकत दिखाने का एक जरिया है और उनकी जायज मांगों को देशभर के लोगों का समर्थन मिला है।

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने पूर्वाह्र 11 बजे से अपराह्न तीन बजे के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग और ‘टोल प्लाजा’ जाम करने की चेतावनी दी है। इस दौरान आपातकालीन सेवाओं को छूट दी जाएगी।

मोल्ला ने कहा, ‘‘ हम तीनों कानूनों की पूरी तरह वापसी की अपनी मांग पर अडिग हैं और किसी तरह के संशोधनों पर राजी नहीं होंगे। ये ऐसे काननू हैं, जिसमें संशोधन से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ आज हमने बंद बुलाया है और अगर हमारी मांगे पूरी नहीं हुई तो, हम अपने आंदोलन को अगले स्तर पर ले जाने को तैयार हैं।’’

‘भारत बंद’ के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सभी सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी और शहर में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के पूरे इंतजाम किए हैं।

‘भारत बंद’ का समर्थन करते हुए कुछ ऑटो रिक्शा और टैक्सी यूनियन के लोग भी आज राष्ट्रीय राजधानी में वाहन नहीं चलाएंगे।

दिल्ली के सर्वोदय ड्राइवर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलजीत गिल ने उनके कई साथियों के आज हड़ताल पर होने का दावा किया।

उन्होंने कहा, ‘‘ दिल्ली-एनसीआर में ‘एप’ आधारित करीब चार लाख कैब हैं। इनमें से अधिकतर हड़ताल पर हैं।’’

गौतम बुद्ध नगर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध
नए कृषि कानून के विरोध में किसानों के मंगलवार को आहूत ‘भारत बंद’ के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं।

अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) लव कुमार ने सभी संगठनों से अपील की कि वे ऐसा कोई काम ना करें जिससे आमजन को किसी तरह की परेशानी हो।

उन्होंने बताया कि बंद के मद्देनजर जिले में हर महत्वपूर्ण स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है।

कुमार ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति कानून हाथ में लेगा या कानून व्यवस्था को बाधित करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

First Published on: December 8, 2020 11:28 AM
Exit mobile version