नई दिल्ली: भारत का कुल बागवानी उत्पादन वर्ष 2025-26 में 4.36 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 3,869.15 लाख टन पहुंचने का अनुमान है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को बागवानी फसलों के क्षेत्रफल और उत्पादन के तीसरे अग्रिम अनुमान जारी करते हुए यह जानकारी दी।
अनुमान के मुताबिक, 2024-25 में बागवानी उत्पादन 3,707.38 लाख टन था। इस तरह एक साल में उत्पादन में 161.77 लाख टन की वृद्धि होने की संभावना है। खास बात यह है कि उत्पादन में यह बढ़ोतरी खेती के कुल रकबे में कमी के बावजूद दर्ज की गई है। वर्ष 2025-26 में बागवानी फसलों का क्षेत्रफल 297.21 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है, जबकि पिछले वर्ष यह 301.36 लाख हेक्टेयर था।
चौहान ने इस उपलब्धि का श्रेय कृषि विविधीकरण, आधुनिक तकनीक, उन्नत किस्मों और किसान हितैषी नीतियों को दिया। उन्होंने कहा कि किसान पारंपरिक फसलों के साथ-साथ फल, सब्जियां, फूल, मसाले और नकदी फसलों की ओर बढ़ रहे हैं। इससे पोषण सुरक्षा मजबूत होने के साथ किसानों की आय के नए अवसर भी बन रहे हैं।
अनुमान के अनुसार, फलों का उत्पादन 4.60 प्रतिशत बढ़कर 1,230.66 लाख टन रहने की संभावना है। वहीं सब्जियों का उत्पादन 4.35 प्रतिशत बढ़कर 2,272.68 लाख टन पहुंच सकता है। आलू का उत्पादन 11.95 प्रतिशत बढ़कर 655.70 लाख टन और टमाटर का उत्पादन 214.11 लाख टन रहने का अनुमान है। प्याज का उत्पादन 288.96 लाख टन रहने की संभावना जताई गई है।
फूलों की खेती के उत्पादन में भी करीब 14.45 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है। यह 42.65 लाख टन से बढ़कर 48.82 लाख टन हो सकता है। वहीं, सुपारी, नारियल, काजू, पान और कोको के बेहतर उत्पादन के चलते बागान फसलों का उत्पादन 7.56 प्रतिशत बढ़कर 182.64 लाख टन रहने का अनुमान है।
मसालों का कुल उत्पादन 123.54 लाख टन रहने की संभावना है। हल्दी, लहसुन, करी पत्ता और इलायची की बेहतर पैदावार से इस क्षेत्र को बढ़ावा मिलने का अनुमान है। सुगंधित और औषधीय पौधों का उत्पादन भी 9.01 लाख टन से बढ़कर 9.28 लाख टन हो सकता है।
ये अनुमान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और विभिन्न सरकारी एजेंसियों से मिले आंकड़ों के आधार पर तैयार किए हैं।
