भारत के ‘जेम्स बॉन्ड’ डोभाल ने कनाडा को कर दिया सेट, ट्रेड से पहले सिक्योरिटी पर डील डन!

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
देश Updated On :

भारत और कनाडा ने राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून प्रवर्तन मुद्दों पर आपसी सहयोग के लिए एक योजना बनाई है। साथ ही ड्रग तस्करी और इंटरनेशनल क्रिमिनल नेटवर्क से निपटने के लिए अधिकारियों की नियुक्ति करेंगे। शनिवार (7 फरवरी) को कनाडा की राजधानी ओटावा में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और कनाडा के नताली ड्रौइन के बीच बैठक हुई, जिसमें इन मुद्दों को लेकर दोनों देशों के बीच सहमति बनी है।

इन प्रयासों को भारत और कनाडा के बीच संबंधों में सुधार के तौर पर देखा जा रहा है। 2023 में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर राजनयिक विवाद के बाद दोनों पक्ष संबंधों को फिर पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं। नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर डोभाल की यात्रा का समय इन मायनों में भी खास है, क्योंकि अगले महीने की शुरुआत में ही कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी भारत की संभावित यात्रा पर आ सकते हैं।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने डोभाल और ड्रोइन के बीच हुई मुलाकात की जानकारी दी और इस बैठक को द्विपक्षीय सुरक्षा बातचीत का हिस्सा बताया। दोनों देशों ने अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए शुरू की गई पहलों में होने वाली इस प्रगति को स्वीकार किया है, साथ ही नेशनल सिक्योरिटी और कानून प्रवर्तन से जुड़े इश्यू पर भी एक दूसरे का सहयोग करने के लिए एक साझा प्लान पर काम करने की सहमति जताई है।

विदेश मंत्रालय की ओर से यह भी कहा गया कि दोनों देश इस बात पर भी सहमत हुए हैं कि भारत-कनाडा की संबंधित एजेंसियां कामकाजी संबंधों को और मजबूत करेंगी, इसके अलावा संबंधों को सुधारने और सुरक्षा और कानून प्रवर्तन से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए संपर्क अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। इस महत्वपूर्ण कदम से दोनों देशों के बीच ड्रग्स की अवैध तस्करी, इंटरनेशनल क्राइम नेटवर्क जैसे मुद्दों पर समय पर जानकारी शेयर करने में मदद मिलेगी। दोनों देशों के बीच साइबर सिक्योरिटी जैसे मुद्दों पर सहयोग करने और घरेलू कानून और इंटरनेशनल दायित्वों के तहत फ्रॉड और आव्रजन प्रवर्तन को लेकर चर्चा जारी रखने पर सहमति बनी है।



Related