जौहर पर स्वरा भास्कर की टिप्पणी से भड़की करणी सेना

फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर एक बार फिर विवादों में हैं। उन्होंने राजपूत समाज की क्षत्राणियों के जौहर पर सवाल खड़े करते हुए उन्हें ‘कायर’ बताने का जो बयान दिया था, उस पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई जा रही है। राजस्थान में करणी सेना की महिला विंग की अध्यक्ष कीर्ति राठौड़ का कहना है कि स्वरा भास्कर को कोई जानकारी नहीं है। वह इस तरह की बयानबाजी कर क्षत्राणियों को अपमानित कर रही हैं। यह वीरांगनाओं के बलिदान का अपमान है। करणी सेना उनका विरोध करती है। अगर उनमें हिम्मत है तो वह इस्लाम धर्म की हलाला प्रथा पर सवाल उठाएं।

कीर्ति राठौड़ ने आगे कहा, “स्वरा भास्कर अपनी भाषा को सुधार लें। जिस तरह का घटियापन वह दिखा रही हैं, उन्हें यह समझ जाना चाहिए कि अगर आप हिंदू क्षत्राणियों को इस तरह से बेइज्जत करेंगी तो आपको करणी सेना माफ नहीं करेगी। दूसरी बात, स्वरा भास्कर को पहले होमवर्क करना चाहिए। हमारी राजपूत क्षत्राणियों का इतिहास गौरवशाली है। इतिहास बताता है कि किस तरह से हमारी पूजनीय माता पद्मिनी ने 16 हजार क्षत्राणियों के साथ बलिदान दिया था। उन्होंने सबको यह दिखा दिया था कि क्षत्राणियां किसी रूप में कम नहीं हैं। जौहर इसलिए किया जाता था कि मुगलों को यह बता दिया जाए कि आप कितनी भी कोशिश कर लें, क्षत्रियों को नहीं हरा सकते।”

करणी सेना नेता ने आगे कहा कि अगर स्वरा भास्कर को बोलना ही है तो हलाल पर बात करें। हलाला के बारे में खुद कुरान शरीफ कहता है कि यह गलत है। इसे गैर-इस्लामिक बताया गया है। इसपर सवाल उठाइए। आप हमारी क्षत्राणियों के शौर्य और बलिदान को ‘कायरता’ बता रही हैं। उन्हें पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।

विवाद तब बढ़ा जब स्वरा भास्कर का एक वीडियो सामने आया जिसमें वह जौहर करने वाली राजपूत महिलाओं को ‘कायर’ बता रही थीं। विवाद बढ़ने के बाद स्वरा भास्कर का नया पोस्ट आया है, जिसमें वह कह रही हैं कि उनके बयान को झूठे ढंग से दिखाया जा रहा है और उन्होंने कभी ऐसा नहीं कहा कि रानी पद्मावती या कोई भी सती कायर थीं। स्वरा भास्कर ने आगे कहा कि अगर लोग उन्हें गाली देना चाहें तो दे सकते हैं लेकिन कम से कम सही बयान पर दें।

First Published on: September 3, 2026 9:16 AM
Exit mobile version