लता मंगेशकर : भाई-बहनों में सबसे बड़ी लता जी के बचपन का नाम था हेमा, कुछ ऐसा था मंगेशकर परिवार


कम लोग ही जानते होंगे कि लताजी गायिका होने के साथ-साथ एक संगीतकार भी थीं।


शिवांगी गुप्ता शिवांगी गुप्ता
देश Updated On :

मुंबई। अपने सुरों से संगीत की बगिया को सजाने वाली स्वर कोकिला लता मंगेशकर हमारे बीच नहीं रहीं। 92 साल की उम्र में लता जी ने रविवार की सुबह दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन की खबर सुनते ही सभी की आंखे आंसुओं से भीग गईं।

देशभर में उनके निधन से शोक की लहर देखने को मिली। मुंबई के शिवाजी पार्क में पहुंचकर देश के बड़े-बड़े दिग्गजों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जहां हृदयनाथ मंगेशकर ने बहन लता को अंतिम विदाई देते हुए उन्हें मुखाग्नि दी।

13 साल की उम्र में करियर की शुरुआत

28 सितंबर 1929 को मध्यप्रदेश के इंदौर में जन्मी लता मंगेशकर ने सिर्फ 13 साल की उम्र में अपने करियर की शुरुआत कर दी थी। उनके पिता पंडित दीनानाथ मंगेशकर संगीत की दुनिया और मराठी रंगमंच की मशहूर हस्तियों में से एक थे। लता जी को अपने पिता से ही संगीत की शिक्षा मिली थी।

ऐसे पड़ा उपनाम ‘मंगेशकर’

मंगेशकर परिवार का ये उपनाम उनके वंशजों से नहीं मिला था, बल्कि उनके पिता पंडित दीनानाथ अपने गांव मंगेशी के नाम पर अपना उपनाम मंगेशकर रखा था। जिसके बाद उनका परिवार मंगेशकर के नाम से जाना जाने लगा।

हेमा से जब लता बनीं स्वर कोकिला

जन्म के समय लता जी का नाम हेमा रखा गया था, लेकिन कुछ समय बाद उनके पिता ने थिएटर के कैरेक्टर लतिका के नाम से प्रभावित होकर उनका नाम लता रख दिया। लता मंगेशकर अपने पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी बहन थीं। उनके बाद उनकी तीन बहनें मीना मंगेशकर, आशा भोंसले, उषा मंगेशकर और भाई हृदयनाथ मंगेशकर हैं। भाई हृदयनाथ बहन लता से उम्र में 8 साल छोटे थे।

बचपन की जिम्मेदारियों ने बदला जीवन

साल 1982 में लता जी के पिता के निधन हो गया। पिता के जाने के बाद सबसे बड़ी होने के नाते घर की जिम्मेदारी बड़ी बहन लता ने खुद पर ले ली। ऐसे में 13 साल की छोटी सी उम्र में ही घर की तंगी दूर करने के लिए लता मंगेशकर ने फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया। वहीं परिवार की जिम्मेदारियों की वजह से लता मंगेशकर ने कभी शादी नहीं की।

भाई-बहनों ने चुनी कुछ ऐसी राहें

लता मंगेशकर समेत सभी भाई- बहनों ने अपनी आजीविका के रूप में संगीत को ही अपना करियर चुना। उनकी छोटी बहन आशा भोंसले ने 16 साल की उम्र में परिवार के खिलाफ जाकर दिग्गज गायक आर डी बर्मन से शादी की और उनके तीन बच्चे भी हैं। उनकी तीसरी बहन मीना मंगेशकर ने भी हिंदी और मराठी फिल्मों में पार्श्वगायन किया। मीना ने शादी के बाद बच्चों के लिए कई गाने रिकॉर्ड किए। वहीं दूसरी ओर, उषा मंगेशकर ने भी बड़ी बहन के नक्शे कदम पर चलकर शादी नहीं की। उन्होंने हिंदी, नेपाली, भोजपुरी और गुजराती भाषा में कई गानों को अपनी आवाज दी है।

भाई हृदयनाथ ने यूं बनाई पहचान

उनके भाई हृदयनाथ ने भी अपनी बड़ी बहनें लता और आशा के नक्शेकदम पर चलते हुए संगीत में करियर बनाया। अपनी मेहनत के चलते उनके छोटे भाई को म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री में लोग प्यार से बाला कहकर बुलाते हैं।  हृदयनाथ को संगीत में उनके शानदार योगदान के लिए काफी सराहा गया। भारत सरकार द्वारा उन्हें साल 2009 में पद्मश्री से नवाजा गया। इसके अलावा उन्हें साल 1990 में ‘लेकिन’ के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था

कम लोग ही जानते हैं कि लताजी गायिका होने के साथ-साथ एक संगीतकार भी थीं। उनका अपना एक फिल्म प्रोडक्शन था, जिसके बैनर तले फिल्म ‘लेकिन’ बनी थी। इस फिल्म के लिए लता जी को सर्वश्रेष्ठ गायिका का नेशनल अवार्ड भी मिला था।

लता मंगेशकर का चला जाना फिल्म जगत के लिए एक दुखद समाचार है। अपना सारा जीवन संगीत को समर्पित करने वाली लता मंगेशकर ने 7 दशक से ज्यादा लंबे करियर में वो मुकाम हासिल किया, जिसकी कल्पना सपने में भी नहीं की जा सकती। संगीत की दुनिया में उनके अमिट योगदान के लिए दुनिया उन्हें हमेंशा याद रखेगी।