संसदीय कार्यवाहियों में योगदान के लिए याद किए जाएंगे नंद कुमार: मोदी

भाषा भाषा
देश Updated On :

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा नेता नंद कुमार सिंह चौहान के निधन पर मंगलवार को शोक जताते हुए कहा कि पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष को संसदीय कार्यवाहियों में उनके योगदान और संगठनात्मक कौशल के लिए याद किया जाएगा।

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘खंडवा से लोकसभा सांसद नंद कुमार सिंह चौहान जी के निधन से दु:खी हूं। उन्हें संसदीय कार्यवाहियों में उनके योगदान, उनके संगठनात्मक कौशल और मध्य प्रदेश में भाजपा को मजबूत करने के उनके प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। मैं उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। ओम शांति।’’

गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा समेत पार्टी के कई अन्य शीर्ष नेताओं ने भी चौहान के निधन पर शोक प्रकट किया। शाह ने कहा कि चौहान का पूरा जीवन लोगों की सेवा के लिए समर्पित था। नड्डा ने भी चौहान के निधन पर शोक व्यक्त किया।

मध्य प्रदेश की खंडवा लोकसभा सीट से सांसद चौहान का सोमवार एवं मंगलवार की मध्यरात्रि गुड़गांव के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 69 वर्ष के थे। चौहान कोरोना से पीड़ित थे और उन्हें गंभीर हालत में गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में पिछले महीने भर्ती कराया गया था।