National Unity Day 2021: सरदार पटेल की जयंती पर शाह और योगी ने उन्हें दी श्रद्धांजलि, जानिए क्यों और कब से मनाया गया ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’

देश की आजादी के समय सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 560 रियासतों को भारत संघ में एकीकृत करने में अहम भूमिका निभाई थी।

नई दिल्ली। 31 अक्टूबर को देश के पहले उप प्रधानमंत्री और गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती है। जिस दिन को नेशनल यूनिटी डे या राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। इस बार लौह पुरुष सरदार पटेल की 145वीं जयंती है।

जिस खास मौके पर गृह मंत्री अमित शाह गुजरात के केवड़िया में आयोजित स्टैचू ऑफ यूनिटी परेड में शामिल हुए। जहां उन्होंने सरदार पटले की भव्य प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया और देशवासियों को एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अमित शाह और योगी ने दी श्रद्धांजलि

अमित शाह ने ट्वीट के जरिए भी सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। शाह ने लिखा, ‘मातृभूमि के लिए सरदार साहब का समर्पण, निष्ठा, संघर्ष और त्याग हर भारतवासी को देश की एकता व अखंडता के लिए खुद को समर्पित करने की प्रेरणा देता है। अखंड भारत के ऐसे महान शिल्पी की जयंती पर उनके चरणों में वंदन व समस्त देशवासियों को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ की शुभकामनाएं।’

इसी के साथ ही यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर भारत रत्न श्रद्धेय सरदार वल्लभ भाई पटेल जी को उनकी जयंती पर नमन किया।

एकता दिवस की शुरुआत और मनाने का कारण

देश की आजादी के समय सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 560 रियासतों को भारत संघ में एकीकृत करने में अहम भूमिका निभाई थी। सरदार पटेल के राष्ट्र को एकजुट कराने के प्रयासों को स्वीकार करने के लिए मोदी सरकार ने 2014 में 31 अक्टूबर के दिन यानी सरदार पटेल की जयंती पर ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ मनाने की घोषणा की।

इस साल एकता परेड को शाह ने किया संबोधित

31 अक्टूबर के दिन हर साल वल्लभ भाई पटेल के योगदान का सम्मान करने के लिए देशभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। वहीं 2018 से गुजरात के केवड़िया में दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा स्टैचू ऑफ यूनिटी के निर्माण के बाद यहां भव्यता के साथ एकता दिवस समारोह का आयोजन किया जाता है, जिस कार्यक्रम में हर बार मुख्य अतिथि के तौर पर पीएम मोदी हिस्सा जरुर लेते हैं।

लेकिन इस बार पीएम मोदी के रोम में होने की वजह से गृह मंत्री अमित शाह इस एकता परेड में शामिल हुए। जहां उन्होंने ‘स्टैचू ऑफ यूनिटी’ पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

First Published on: October 31, 2021 11:00 AM
Exit mobile version