
नई दिल्ली। देश में करीब एक महीने के भीतर कोरोना वायरस संक्रमण के 10 लाख मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या शनिवार को एक करोड़ से अधिक हो गई जबकि संक्रमण से उबर चुके लोगों की कुल संख्या भी बढ़कर 95.50 लाख हो गई है।
मंत्रालय ने कहा कि सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख थी, जो 23 अगस्त को बढ़कर 30 लाख और पांच सितंबर को 40 से अधिक लाख हो गई। आंकड़ों के अनुसार 16 सितंबर को संक्रमितों की संख्या 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख से अधिक हो गई।
शनिवार सुबह आठ बजे तक जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार संक्रमितों की कुल संख्या 1,00,04,599 हो गई है। 24 घंटे के दौरान 347 रोगियों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 1,45,136 हो गई है। हालांकि कोरोना से मृत्युदर में और गिरावट आने के बाद यह 1.45 प्रतिशत रह गई है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार 19 दिसंबर तक कुल 16,00,90,514 नमूनों की जांच की जा चुकी है। इनमें 11,71,868 नमूनों की जांच शुक्रवार को की गई।