देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 33 लाख के पार

नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के रिकॉर्ड 75 हजार से ज्यादा नए मरीज मिले हैं जिसके बाद देश में बृहस्पतिवार को कुल संक्रमितों की संख्या 33 लाख के पार पहुंच गई। वहीं अब तक इस खतरनाक वायरस से मुक्त हो चुके लोगों की संख्या 25 लाख से पार कर चुकी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 75,760 नए मामले सामने आए हैं और इसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 33,10,234 हो गई। वहीं इस अवधि में इस खतरनाक वायरस की वजह से 1,023 लोगों की जान गई और मृतकों की संख्या बढ़कर 60,472 हो गई।

देश में अब तक 25,23,771 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और स्वस्थ होने की दर 76.24 फीसदी दर्ज की गई। वहीं कोविड-19 रोगियों की मृत्यु दर भी घटकर 1.83 फीसदी हो गई। आंकड़ें के अनुसार देश में अब 7,25,991 संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है, जो कि अब तक के कुल मामलों का 21.93 फीसदी है। आईसीएमआर के अनुसार, देश में 26 अगस्त तक 3,85,76,510 नमूनों की जांच हुई है जिनमें से 9,24,998 नमूनों की जांच बुधवार को हुई।

First Published on: August 27, 2020 2:58 PM
Exit mobile version