पीएम मोदी ने कोलकाता हादसे पर जताया शोक, अनुग्रह राशि को दी मंजूरी

प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ने इस घटना के मद्देनजर अनुग्रह-राशि की मंजूरी दी है।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोलकाता स्थित एक बहुमंजिला इमारत में सोमवार शाम आग लगने से नौ लोगों की मौत होने पर मंगलवार को शोक जताया और मृतकों के परिजनों एवं घायलों के लिए अनुग्रह राशि जारी किए जाने को मंजूरी दी।

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘कोलकाता में आग की घटना से हुए जान एवं माल के नुकसान से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

पीएमओ ने ट्वीट किया,“प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोलकाता में आग लगने की दुखद घटना के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह-राशि की मंजूरी दी है। गंभीर रूप से घायल लोगों को 50,000-50,000 रुपये दिए जाएंगे।’’

First Published on: March 9, 2021 11:29 AM
Exit mobile version