नयी दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सैन्य कर्मियों के लिए शौर्य चक्र सहित विभिन्न वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी। इस बार चार सैन्य कर्मियों को शौर्य चक्र प्रदान किए गए हैं। जम्मू कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए थलसेना को तीन शौर्य चक्र मिले हैं। इसके अलावा भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर विशाख नायर को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
थलसेना के ले. कर्नल कृष्ण सिंह रावत, मेजर अनिल उर्स और हवलदार आलोक कुमार दुबे को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। सेना के एक प्रशस्ति पत्र में कहा गया है कि रावत जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर (एलओसी) घुसपैठ और आतंकवाद रोधी अभियानों के लिए तैनात एक टीम का नेतृत्व कर रहे थे। उसी दौरान खुफिया सूचना मिली थी कि आतंकवादियों द्वारा घुसपैठ या हमला करने की कोशिश की जा सकती है। रावत ने अपनी टीम का नेतृत्व किया और इसे घुसपैठ के संभावित मार्गों पर तैनात किया।
खराब मौसम में करीब 36 घंटे के बाद उनकी टीम ने आतंकवादियों के समूह को देखा। इसके बाद हुयी भारी गोलीबारी के बावजूद वह अपनी टीम के सदस्यों को निर्देश देते रहे और इसके परिणामस्वरूप दो आतंकवादी मारे गए। इसके बाद उन्होंने शेष आतंकवादियों के स्थान की पहचान की और उस आधार पर की गयी कार्रवाई में दो और आतंकवादी मारे गए। तीसरा आतंकवादी घायल हो गया। राष्ट्रपति ने सेना के 60 जवानों को सेना पदक (वीरता), नौसेना के लिए चार नौसेना पदक और वायु सेना के लिए पांच वायु सेना पदक (वीरता) की भी मंजूरी दी।