किसान महिलाओं की मौत पर केंद्र पर भड़के राहुल और प्रियंका, कहा- क्रूरता और नफरत देश को खोखला कर रही है

तीन महिला किसानों की मौत को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

नई दिल्ली। हरियाणा के बहादुरगढ़ में ट्रक की टक्कर से तीन महिला किसानों की मौत पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश की कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

राहुल ने तीन महिला किसानों की मौत को लेकर बृहस्पतिवार को कहा कि यह क्रूरता और नफरत इस देश को खोखला कर रही है।

राहुल ने इस घटना से जुड़ी खबर साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘भारत माता- देश की अन्नदाता- को कुचला गया है। यह क्रूरता और नफ़रत हमारे देश को खोखला कर रही है। मेरी शोक संवेदनाएं।

प्रियंका ने ट्वीट किया, ‘‘किसान मेहनत कर फसल तैयार करे तो फसल का दाम नहीं….। किसान फसल उगाने की तैयारी करे, तो खाद नहीं…… । खाद न मिलने के चलते बुंदेलखंड के दो किसानों की मौत हो चुकी है। लेकिन किसान विरोधी भाजपा सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। इनकी नीयत और नीति दोनों में किसान विरोधी रवैया स्पष्ट है।’’

टिकरी बॉर्डर पर केन्द्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के बाद महिलाएं पंजाब के मानसा जिले स्थित अपने गांव लौट रही थीं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

First Published on: October 28, 2021 3:40 PM
Exit mobile version