दिल्ली-NCR में बारिश का दौर जारी, आज भी बरसात के आसार

दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में बारिश हुई, हालांकि पूरे शहर में बारिश एक जैसी नहीं रही। अलग-अलग इलाकों में बारिश का प्रभाव भी अलग-अलर रहा। इसी तरह तापमान में भी अंतर देखने को मिला। मौसम विभाग ने रविवार को भी दिल्ली और आसपास बारिश की आशंका जताई है।

मौसम विभाग के मुताबिक 13 सितंबर सुबह 8:30 बजे तक झाड़ौदा कलां में सबसे ज्यादा 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसमें जनकपुरी में 10.5, छतरपुर में 9, जाफरपुर में 7, नारायणा में 3.5 और सफदरजंग में 3.4 मिलीमीटर बारिश हुई।

इसके अलावा लोधी रोड और अयानगर में 0.5-0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पालम में सिर्फ नाममात्र की बारिश हुई। रिज, पूसा, मयूर विहार और पीतमपुरा में बारिश नहीं हुई। तीन घंटे के रिकॉर्ड में 12 सितंबर दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे के बीच सफदरजंग में 3.4, जाफरपुर में 7, छतरपुर में 9, जनकपुरी में 10.5 और झाड़ौदा कलां में 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

तापमान की बात करें तो 12 सितंबर को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री ज्यादा था। लोधी रोड में अधिकतम तापमान 35, अयानगर में 34, पालम में 33.8 और रिज में 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

13 सितंबर सुबह सबसे कम तापमान रिज में 22.4 डिग्री, पालम में 24.7, अयानगर में 26.1, सफदरजंग में 26.2 और लोधी रोड में 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा। 24 घंटे में अधिकतम तापमान सफदरजंग में 1.6 डिग्री और लोधी रोड में 1 डिग्री बढ़ा, जबकि न्यूनतम तापमान में अलग-अलग इलाकों में मामूली बदलाव दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के मुताबिक 13 सितंबर को दिल्ली में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। यानी दिल्ली में बारिश का दौर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। इसलिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नगर निगम की टीमों को जलभराव से निपटने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को परेशानी न हो इसका ध्यान रखा जा रहा है।

First Published on: September 13, 2026 11:05 AM
Exit mobile version